शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। शिमला संसदीय क्षेत्र से एक मंत्री को ड्राप करने की तैयारी की जा रही है। यदि इस पर सहमति बनती है, तो दो नए मंत्री कैबिनेट में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के मंत्रिमंडल में शामिल कुछ मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव हो सकता है। इस पर चर्चा के लिए धर्मशाला में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
तीन नाम चर्चा में आगे
कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन और पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल का नाम मंत्री पद के लिए चर्चा में है। नए मंत्री की ताजपोशी क्षेत्रीय और जातीय समीकरण के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा उपाध्यक्ष का पद भी भरा जाएगा।
शिमला से कट व मंडी-कुल्लू को मिल सकता है अधिमान
शिमला संसदीय क्षेत्र से एक मंत्री को ड्राप करने की चर्चा चल रही है। वर्तमान में सुक्खू कैबिनेट में शिमला संसदीय क्षेत्र से पांच मंत्री हैं। कुल्लू और मंडी संसदीय क्षेत्र को पूरा प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। मंडी संसदीय क्षेत्र से जगत सिंह नेगी मंत्री हैं, जो जनजातीय क्षेत्र से संबंध रखते हैं। मंत्रिमंडल विस्तार में इन बिंदुओं पर भी चर्चा होगी। मानसून सत्र 15 अगस्त के बाद संभावित है।
अभी कैबिनेट की यह है स्थिति
कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल 11 मंत्री हैं। शिमला जिले से तीन मंत्री हैं। हमीरपुर जिले से मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू स्वयं आते हैं। सोलन जिले से एक, ऊना से उपमुख्यमंत्री हैं। सिरमौर से एक, कांगड़ा से दो, किन्नौर और बिलासपुर से एक-एक मंत्री हैं। राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार और बदलाव प्रस्तावित है। धर्मशाला में पार्टी के राजनीतिक मामलों की बैठक होगी, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में इस मामले पर चर्चा की जाएगी।