अमेरिका की लेक में दोस्त को बचाते-बचाते खुद डूबा हरियाणा का युवक, 3 साल पहले कर्ज लेकर विदेश गया था अर्शदीप

करनाल: अमेरिका की एक लेक में नहाने गए करनाल के युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ झील में गया था, जहां उसका एक साथी पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए युवक ने तुरंत छलांग लगा दी। उसने दोस्त की जान तो बचा ली, लेकिन खुद पानी से बाहर नहीं निकल पाया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बता दें कि करनाल के विकास नगर का रहने वाला अर्शदीप साल 2023 में अमेरिका गया था।

45 लाख खर्च करके परिवार वालों ने भेजा था अमेरिका
अर्शदीप के परिवार ने उसे विदेश भेजने के लिए करीब 45 लाख रुपए खर्च किए थे और इसके लिए कर्ज भी लिया था। अर्शदीप वहां अपनी बुआ और फूफा के पास रह रहा था और उनके बेटे हैरी के साथ एक स्टोर में काम करता था। 3 जुलाई की सुबह उन्हें सूचना मिली कि अर्शदीप की लेक में डूबने से मौत हो गई है। वह अपने चार-पांच दोस्तों के साथ नहाने गया था। अर्शदीप को तैरना आता था और वह पहले बाहर भी आ गया था। लेकिन उनका एक दोस्त पानी में डूबने लगा जिसे तैरना नहीं आता था।

दो साल पहले पिता की हार्ट अटैक से हुई थी मौत
जैसे ही अर्शदीप ने अपने दोस्त को डूबते देखा तो उसने बिना समय गंवाए दोबारा पानी में छलांग लगा दी। उसने अपने दोस्त को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद पानी से बाहर नहीं आ सका। आसपास मौजूद लोगों ने उसे कुछ ही देर में बाहर निकाल लिया और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहां की पुलिस ने शव को मोर्च्युरी हाउस में रखवा दिया है और परिजन अब शव को भारत लाने की प्रक्रिया में लगे हुए हैं। इस घटना से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। दो साल पहले उनके पिता प्रगट सिंह की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था अर्शदीप
अर्शदीप ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था और उसका सपना था कि वह विदेश में काम करके पहले लिया हुआ कर्ज उतारे और फिर परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधार सके। लेकिन इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। परिवार ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि अर्शदीप का शव जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए। अमेरिका में रह रहे रिश्तेदार भी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हुए हैं, ताकि शव को जल्द भारत भेजा जा सके। परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से दबाव में है और अब इस दुखद घटना ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है।