बिहार के इस गांव में लोगों ने एक दिन पहले आज ही मनाई ईद, जानिए क्यों

In this village of Bihar, people celebrated Eid a day earlier, know why
In this village of Bihar, people celebrated Eid a day earlier, know why
इस खबर को शेयर करें

नालंदा: भारत में 11 अप्रैल दिन गुरुवार को ईद उल-फित्र यानी मीठी ईद का पर्व मनाया जाएगा। ईद उल-फित्र को लेकर मार्केट में रौनक है। मुस्लिम समाज के लोग ईद की तैयारियों में जुटे हैं। रमजान के 29वें दिन देश में चांद नहीं दिखने के चलते गुरुवार को ईद मनाई जाएगी, लेकिन बिहार के नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड के कड़ाह गांव में एक दिन पहले यानी आज बुधवार को ही ईद मनाई गई है।

गांव के लोगों ने ईदगाह में जाकर पढ़ी नमाज
कड़ाह गांव में मुस्लिम समाज के लोग सुबह ईदगाह पहुंचे और ईद की नमाज पढ़ी और एक दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। फिर एक दूसरे के घर जाकर सैवई और लच्छा खाए। यहां के लोग सऊदी कैलेंडर के अनुसार चलते हैं। गांव के लोग सऊदी अरब की तर्ज पर रोजा रखते हैं और सऊदी अरब के हिसाब से ही ईद मनाते हैं। यह परंपरा यहां सदियों से चली आ रही है।

गांव से लगभग सभी घरों से कोई न कोई सऊदी अरब में
स्थानीय लोगों की माने तो इस गांव के लगभग सभी घरों से एक, दो या पूरा परिवार सऊदी अरब में रह कर रोटी रोजी कमाता है। सऊदी अरब में भारत से एक दिन पहले ही चांद देखा जाता है। इस वजह से दूसरे देशों से एक दिन पहले ही वहां सभी त्योहार मनाते है। यहां रहने वाले लोग मुकद्दस रमजान के मौके पर ईद मनाने अपने गांव आते हैं।

गांव में एक दिन पहले क्यों मनाई गई ईद?
गांव के मो. अली अहमद ने बताया कि गांव में सऊदी अरब के तर्ज पर एक दिन पहले ही ईद मनाते हैं। हम लोग केवल ईद ही नहीं, दूसरे त्योहारों को भी एक दिन पहले मना लेते हैं, क्योंकि हम लोग सऊदी अरब के कैलेंडर के हिसाब से त्योहार मनाते हैं। बता दें, देश में गुरुवार को ईद का पर्व मनाया जाएगा।