मुजफ्फरनगर से भी जुड़ा था लता मंगेशकर का करीबी नाता

इस खबर को शेयर करें

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध उद्योगपति और रसूखदार प्रकाश परिवार का स्वर कोकिला लता मंगेशकर से करीब का नाता रहा है। उद्योगपति अमित प्रकाश और पत्नी सुनैना प्रकाश को लता मंगेशकर ने 90वें जन्मदिन पर तोहफे से नवाजा था। सुनैना प्रकाश को लता दी अपने दिल के करीब मानती थी। प्रकाश दंपती की लता दी से अक्सर फोन पर भी बातचीत होती थी। लता मंगेशकर के निधन से अमित प्रकाश का परिवार स्तब्ध है।

कचहरी रोड निवासी अमित प्रकाश और उनकी धर्मपत्नी सुनैना प्रकाश स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के दिल के काफी करीब रहीं। स्वर कोकिला की बहन ऊषा मंगेशकर की बेटी रचना सुनैना प्रकाश की करीबी दोस्त हैं। सुनैना प्रकाश बताती हैं कि 28 सितंबर 2019 को लता मंगेशकर का 90वां जन्मदिन था। इस दिन लता मंगेशकर ने दुनिया के नामचीन लोगों को स्वयं तोहफे भेजे थे। इनमें पीएम मोदी सहित अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक हुसैन ओबामा भी शामिल थे। अमित प्रकाश ने बताया कि लता मंगेशकर ने उनके लिए एक शानदार घड़ी और पत्नी सुनैना के लिए तोहफे में साड़ी भेजी थी। बताते हैं कि 2019 के दिनों में जब लता मंगेशकर बीमार हो गई थी, तो उनके अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वह भी उनसे मिलने उनके मुंबई स्थित आवास पर गईं थी।

आवाज से अधिक मीठा था स्वर कोकिला का दिल
लता मंगेशकर के दिल के काफी करीब रहीं सुनैना प्रकाश बताती हैं कि स्वर साम्राज्ञी का दिल उनकी आवाज से अधिक मीठा था। उन्होंने बताया वह जितना प्यार गीत-संगीत से करती थी, उतना ही महत्व आपसी रिश्तों को भी देती थीं। बताया कि जब वह उनके मुंबई स्थित आवास पर उनका कुशलक्षेम जानने पहुंचे थे तो लता जी ने उन्हें गले से लगाकर बहुत प्यार किया था।

अमित प्रकाश से चार माह पहले हुई थी बातचीत
अमित प्रकाश बताते हैं कि उनकी लता जी से चार माह पहले ही वीडियो काल से बातचीत हुई थी। बताया कि वह अक्सर उन्हें फोन किया करती थीं। लता जी सहर्ष उनकी काल का जवाब देती थी। कई बार गणपति उत्सव के मौके पर वह उनके मेहमान भी बने। बताया कि स्वर कोकिला केवल स्वर साम्राज्ञी ही नहीं थी, बल्कि वे दिलों पर राज करने वाली थी। दिल से सौम्य और हमेशा मन से शांत। अमित प्रकाश कहते हैं कि स्वर साम्राज्ञी के निधन से उनका पूरा परिवार स्तब्ध है।