Kitchen Tricks and Tips: खाना बनाते समय मां अक्सर कई नुस्खों का इस्तेमाल करती हैं, जिससे खाना जल्दी और टेस्टी बनता है. ऐसा एक रसोई में इस्तेमाल होने वाले नुस्खे के बारे में हम बात करेंगे. आपने देखा होगा, अक्सर आलू या अंडे को उबालते समय पानी में नींबू के टुकड़े डाल दिये जाते हैं. कभी आपने इस घेरलू नुस्खे के फायदों के बारे में सोचा है? बहुत कम लोगों को इस बारे में पता होगा, यह तरीका आपके कुकिंग को आसान और हेल्दी दोनों बना देता है. ऐसे में इस खबर में हम आपको इसके फायदों के बारे में बताएंगे.
अंडे का छिलका आसानी से उतर जाता है
अंडे को उबालते समय पानी में नींबू का टुकड़ा या कुछ नींबू रस डालने से अंडे का छिलका आसानी से उतर जाता है. दरअसल इससे नींबू का एसिड अंडे के छिलके को थोड़ा मुलायम बना देता है, जिससे उबालने के बाद छिलका आसानी से उतर जाता है और अंडा फटता भी नहीं है. इस तरीके को ज्यादातर तब इस्तेमाल किया जाता है, जब ताजे अंडे उबाले जा रहे हों, क्योंकि इसमें छिलके आमतौर पर ज्यादा चिपकते हैं.
आलू जल्दी और बराबर पकते हैं
आलू को उबालते समय पानी में नींबू डालने से पानी की एसिडिटी बढ़ जाती है, जिससे आलू जल्दी और एक जैसे पकने लगते हैं. दरअसल नींबू का रस स्टार्च को थोड़ा तोड़ देता है, जिससे आलू मुलायम लेकिन गले हुए नहीं लगते. ऐसा करने की खासियत ये है कि इससे आलू का स्वाद भी थोड़ा फ्रेश और हल्का खट्टा लगता है, जो चाट या सलाद बनाने के लिए एकदम बेस्ट है.
बदबू कम करता है
अंडे या आलू उबालते समय नींबू डालने से बदबू कम होती है. खासतौर पर अंडे को उबालते समय हल्की सी बदबू आने लगती है. ऐसे में नींबू में मौजूद सिट्रिक एसिड बदबू को लगभग खत्म कर देती है. इसका नतीजा ये होता है कि खाना बनाते समय रसोई में ताजगी बनी रहती है और अंडे-आलू दोनों का स्वाद भी बेहतर लगता है.