Saas Bahu Aur Pati: शादी के बाद हर लड़की एक नए घर और नए रिश्तों के साथ एडजस्ट करती है. इनमें सबसे अहम रिश्ता होता है सास और बहू का. कई बार विचारों का टकराव या छोटी-छोटी बातों पर बहस घर के माहौल को टेंशन से भरा बना देती है. ऐसे हालात में अक्सर पत्नियां अपना गुस्सा पति पर निकालने लगती हैं, जिससे हसबैंड-वाइफ के रिश्ते में भी खटास आ जाती है. अगर आप चाहती हैं कि घर का एनवायरनमेंट खुशनुमा बना रहे, तो जरूरी है कि आप सास से लड़ाई की वजह को सही तरीके से हैंडल करें और पति से झगड़ने के बजाय समझदारी दिखाएं.
1. गुस्से पर लगाएं कंट्रोल
जब भी सास से किसी बात पर बहस हो जाए तो तुरंत पति के पास जाकर शिकायत करने से बचें. गुस्से में कही गई बातें रिश्ते को और बिगाड़ देती हैं. बेहतर होगा कि आप कुछ देर शांत रहें और खुद को संभालकर सोचें कि वाकई मामला इतना बड़ा है या सिर्फ छोटी-सी गलतफहमी.
2. पति को बीच में न खींचें
अक्सर बहुएं चाहती हैं कि उनका पति हमेशा उनकी तरफदारी करे. लेकिन पति को बीच में खींचने से वो दोनों तरफ से दबाव महसूस करता है. इससे उसकी मेंटल कंडीशन पर बुरा असर पड़ता है और रिलेशनशिप कमजोर हो सकता है. कोशिश करें कि सास से जुड़ी बातों को सास के साथ ही सुलझाएं.
3. बातचीत से हल निकालें
अगर किसी मुद्दे पर सास से असहमति हो रही है तो खुलकर बातचीत करें. शांति से अपनी बात रखिए और उनकी भी राय सुनिए. हो सकता है कि उनकी बातों में भी कुछ तजुर्बा छिपा हो जो आपके लिए फायदेमंद साबित हो. कम्यूनिकेशन से अक्सर तनाव कम हो जाता है.
4. पॉजिटिव नजरिया अपनाएं
हर टकराव को लड़ाई मानने के बजाय उसे रिश्ते को मजबूत बनाने का मौका समझें. अगर सास ने कुछ कह दिया तो उसे निजी हमला न मानें. हो सकता है उनकी नीयत आपको समझाने की हो, भले ही तरीका सख्त हो.
5. पति से सिर्फ सपोर्ट मांगे
पति से झगड़ने के बजाय उनसे सिर्फ इमोशनल सपोर्ट की उम्मीद रखें. उन्हें बताएं कि आप तनाव में हैं और चाहते हैं कि वो आपको समझें. लेकिन उनसे ये न कहें कि वो सास के खिलाफ खड़े हों. इससे वो असहज महसूस करेंगे.