भोपाल: Twisha Sharma Funeral: भोपाल में रिटा. जज गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा पंचतत्व में विलीन हो चुकी हैं. बता दें कि भदभदा विश्राम घाट पर ट्विशा शर्मा को नम आंखों से परिवार समेत अन्य लोगों ने अंतिम विदाई दी. इस दौरान ट्विशा के भाई मेजर हर्षित ने मुखाग्नि दी. इससे पहले ट्विशा शर्मा के शव का दिल्ली एम्स की टीम ने भोपाल एम्स में री-पोस्टमार्टम किया. मिली जानकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम से जुड़े सैंपल और विसरा भोपाल एम्स में ही सुरक्षित रखे गए हैं.
ट्विशा के मौत की पूरी कहानी
1. 12 मई की रात में द्विशा शर्मा का शव घर में फांसी पर लटका मिला.
2. 13 मई को सुबह एम्स भोपाल में शव का पोस्टमार्टम किया गया. देर रात परिजनों ने कटारा थाने में हंगामा किया.
3. 14 मई को दोपहर में परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया. देर रात पुलिस ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ के खिलाफ FIR दर्ज की.
4. 15 मई को गिरिबाला सिंह ने अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दिया. शाम करीब 7 बजे कोर्ट ने उनकी जमानत मंजूर की. परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मानने से इनकार कर दिया.
5. 16 मई को परिजनों ने मामले की जांच दिल्ली पुलिस को सौंपने की मांग उठाई.
6. 17 मई को परिजनों ने सीएम हाउस के बाहर धरना दिया. शव देर रात तक एम्स की मॉर्च्युरी में रखा रहा.
7. 18 मई को भोपाल कोर्ट ने आरोपी समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका खारिज की. परिजनों ने गिरिबाला सिंह को कंज्यूमर फोरम से हटाने के लिए राज्यपाल को पत्र लिखा.
8. 20 मई को जबलपुर हाईकोर्ट ने समर्थ के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया. राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का स्वयं संज्ञान लिया. डीजी (DG) से एटीआर (ATR) रिपोर्ट मांगी गई.
9. 22 मई को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने द्विशा की डेडबॉडी का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए. मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई (CBI) जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा. समर्थ सिंह को पुलिस ने जबलपुर कोर्ट से गिरफ्तार किया.
10. 23 मई को समर्थ को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. दिल्ली एम्स की डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंची.
11. 24 मई को भोपाल एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हुई और परिसर में भारी पुलिस फोर्स तैनात रही. उसके बाद भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया.