एमपी में 20 IPS अफसरों के तबादले, 6 रेंज के DIG, 2 जिलों के SP का ट्रांसफर, देखें लिस्ट

भोपाल: मध्य प्रदेश में सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. देर रात गृह विभाग ने 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए. इस सूची में छह रेंज के डीआईजी से लेकर जिलों के एसपी और बड़े शहरों के एडीसीपी तक शामिल हैं. तबादला सूची में छतरपुर डीआईजी ललित शाक्यवार, बालाघाट डीआईजी मुकेश कुमार श्रीवास्तव, सागर डीआईजी सुनील कुमार पांडे, भोपाल ग्रामीण डीआईजी ओम प्रकाश त्रिपाठी, रतलाम डीआईजी मनोज कुमार सिंह और छिंदवाड़ा डीआईजी कल्याण चक्रवर्ती को बदला गया है. इसके साथ ही इन इलाकों में नई पदस्थापना जल्द घोषित की जाएगी.

राजधानी भोपाल और इंदौर में भी पुलिस टीम में बदलाव किया गया है. भोपाल में मोनिका शुक्ला को क्राइम एडीसीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, इंदौर में क्राइम एडीसीपी के तौर पर राजेश कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है. दोनों अधिकारियों से अपराध नियंत्रण और मॉनिटरिंग पर जोर दिए जाने की संभावना है. प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. विपक्ष कांग्रेस ने हाल ही में राज्य में बढ़ते अपराध और महिला सुरक्षा पर सरकार को घेरा था. ऐसे में बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का तबादला राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है. भाजपा सरकार का दावा है कि इस फेरबदल से जिलों में बेहतर तालमेल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होगी.

जिलों में नई नियुक्तियां
धार जिले में एसपी के रूप में मयंक अवस्थी की पोस्टिंग की गई है. अशोकनगर जिले में राजीव कुमार मिश्रा को एसपी बनाया गया है. गृह विभाग का कहना है कि इन बदलावों से जिलों की कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और अपराध पर अंकुश लगेगा.

पुलिस महकमे में हलचल
अचानक हुए इन तबादलों ने पुलिस विभाग में हलचल बढ़ा दी है. कई अधिकारी जहां नई जिम्मेदारी संभालने की तैयारी में जुट गए हैं, वहीं जिले बदलने वाले अफसरों ने रवानगी की तैयारी शुरू कर दी है. सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी फेरबदल की संभावना है.