MP में पार्क के कचरे से मिले 35 Tablets, बच्चों ने दी सूचना… शासकीय संपत्ति होने की आशंका से मचा हड़कंप

देवास: देवास शहर के मल्हार स्मृति उद्यान में रोज़ की तरह बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी नज़र उद्यान में पड़े कचरे के ढेर पर गई, जहां एक साथ 35 टेबलेट (Tablets) पड़े हुए थे। बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना आसपास मौजूद लोगों और निगम के उद्यान कर्मियों को दी, जिसके बाद मामला गंभीर रूप से सामने आया।

निगम और पुलिस को दी गई सूचना
सूचना मिलने पर नगर निगम के उद्यान कर्मी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम उपयंत्री के सहायक ने सभी टेबलेट अपने कब्जे में लेकर कोतवाली थाना पहुंचाया और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने टेबलेट जब्त कर जांच प्रारंभ कर दी है।

शासकीय संपत्ति होने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, इन टेबलेट के शासकीय संपत्ति होने की आशंका जताई जा रही है। नियमों के अनुसार यदि शासकीय सामग्री खराब या अनुपयोगी हो जाती है, तो उसे विधिवत प्रक्रिया के तहत शासन को लौटाया जाना अनिवार्य होता है। ऐसे में खुले कचरे में टेबलेट फेंकना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन और गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उद्यान के पीछे का इलाका लंबे समय से असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों की गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। इससे उद्यान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, खासकर तब जब यहां रोज़ बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही रहती है।

जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल कोतवाली पुलिस ने सभी टेबलेट जब्त कर जांच शुरू कर दी है। टेबलेट कहां से आए, किसके हैं और किसने इन्हें उद्यान में फेंका इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।