इंदौर; Secret House Party Busted: इंदौर जिसे ‘मिनी मुंबई’ भी कहते हैं, वहां बीती रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है. विजय नगर में स्थित ‘ग्रेट एस्केप क्लब’ पर पुलिस ने अचानक छापा मारकर चल रही पार्टी को रोक दिया. इस कार्रवाई से पूरे क्लब में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, क्लब में आधी रात तेज म्यूजिक के साथ हाई-प्रोफाइल पार्टी चल रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कुछ लोग बाहर की ओर भागने लगे, तो कुछ अंदर कमरों में छिप गए, तो कुछ झाड़ियों में छिप गईं.
खबर के मुताबिक, एक युवती पुलिस से बचने के लिए पास की झाड़ियों में जाकर छिपकर बैठ गई. पुलिस ने सभी लोगों को बाहर निकालकर पूछताछ की और स्थिति को कंट्रोल में लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से पार्टी में शामिल लोग घबरा गए.
पुलिस ने क्लब को सील किया
पुलिस को यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर को मिली शिकायत के बाद करनी पड़ी. इसके बाद विजय नगर एसीपी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी. जांच के दौरान पाया गया कि पार्टी में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल थे और देर रात तक कार्यक्रम चल रहा था. पुलिस ने नियमों के उल्लंघन को देखते हुए क्लब को सील कर दिया है. इसके साथ ही आगे की जांच शुरू कर दी गई है कि पार्टी के लिए परमिशन ली गई थी या नहीं और किन शर्तों का उल्लंघन हुआ है.
सीक्रेट हाउस पार्टियों का चलन बढ़ा
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की देर रात होने वाली पार्टियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, क्योंकि इनमें कई बार नियमों का उल्लंघन और अन्य अवैध गतिविधियों की आशंका रहती है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में इस तरह की ‘सीक्रेट हाउस पार्टियों’ का चलन तेजी से बढ़ रहा है और सोशल मीडिया पर कई ग्रुप वीकेंड पर लग्जरी विला, फ्लैट और रिसॉर्ट के वीडियो डालकर युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं.
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, वहीं रहने वालों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि ऐसी पार्टियों में विवाद, ब्लैकमेलिंग और अन्य अपराधों का खतरा रहता है. इसलिए युवाओं को ऐसे आयोजनों से सावधान रहने की जरूरत है.