शहडोल : शराब के नशे में हैवानियत का एक दिल दहला देने वाला मामला शहडोल से सामने आया है. यहां शराब के नशे में धुत एक पति ने मामूली विवाद के बाद पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. इस झकझोर देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया है. वहीं हत्या की वजह को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
नशे ने पति को बनाया पत्नी का हत्यारा?
अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत ये दिल दहला देने वाली घटना घटी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यहां जग्गा बैगा नाम के एक शख्स और उसकी पत्नी अंजू बैगा दोनों ने शराब पी रखी थी. दोनों ने काफी ज्यादा शराब का सेवन किया था, इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच में नोंक-झोंक होने लगी है. नशे की हालत में दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने पास में रखा पत्थर उठा लिया और बेरहमी से पत्नी के सिर पर दे मारा. सिर पर गंभीर घाव होने की वजह से महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक घटना अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर के कुदारी टोला में घटी है, जिसके बाद से इलाके में सन्नाटा पसर गया है. घटना के तुरंत बाद ही नशे की हालत में ही आरोपी वहां से फरार हो गया. घटना की जानकारी लगते ही आसपास के लोगों ने इसकी सूचना अमलाई थाने की पुलिस को दी, तुरंत ही मौके पर पुलिस पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लिया पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. इसके साथ ही पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ आरोपी की खोज में जुट गई.
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अमलाई थाना प्रभारी जेपी शर्मा ने बताया, ” एक महिला की मौत की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में जो सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच में विवाद हुआ था. इस दौरान पति ने पत्नी के सिर पर पत्थर से हमला किया, जिससे पत्नी की मौत हो गई. मामले की जांच की जा रही है और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया. आरोपी से कड़ी पूछताछ कर हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है.