भोपाल: मध्यप्रदेश के भोपाल से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो सगी बहनों ने अपने पिता और दादा पर रेप और छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज कराया है. पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि करीब 10 साल पहले उनकी मां छोड़कर चली गई थीं. इसके बाद उनका दादा गलत नजरें रखने लगा. इसके बाद उसने दोनों बहनों से कई बार रेप किया. इतना ही नहीं उनके पिता ने भी उन्हें शराब के नशे में बुरी नीयत से छुआ. पुलिस ने दादा के खिलाफ रेप-पॉक्सो और पिता के खिलाफ बैड टच और पॉक्सो की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है.
10 साल पहले मां ने छोड़ा घर
गौतम नगर थाने पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय और 15 वर्षीय दो बहनों ने थाने में आकर बताया कि उनकी मां ने 10 साल पहले परिवार छोड़ दिया था. आरोपी दादा ने उनकी मां के जाने के बाद बड़ी बहन से पहली बार अश्लील हरकत की. सात साल पहले दादा ने उसके साथ पहली बार रेप किया, इस घिनौनी हरकत के बाद आरोपी दादा ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी.
छोटी बहन को भी बनाया शिकार
पीड़िता ने डर के चलते किसी को इस घटना के बारे में नहीं बताया. करीब तीन साल पहले दादा ने छोटी बहन के साथ भी रेप किया. आरोपी ने उसे भी धमकी देकर चुप करा दिया. इसके बाद अलग-अलग समय पर कई बार दोनों बहनों के साथ ज्यादती की. जब पीड़िताओं ने पिता को इसकी जानकारी दी तो उसने दोनों बहनों को चुप रहने की बात कही. इसी के साथ पिता ने भी दोनों बहनों के साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया.
काउंसलिंग के दौरान हुआ खुलासा
आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर बड़ी बहन कुछ दिन पहले घर से भाग गई थी. उसे दस्तयाब करने के बाद हुए काउंसलिंग के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी दादा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता की तलाश की जा रही है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता दूसरी शादी कर चुका है और वह दूसरी पत्नी के साथ रहता है.