ग्वालियर: शिवपुरी से ग्वालियर आ रही ITBP जवानों से भरी एक एंबुलेंस हाइवे किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी. इस हादसे में 2 लोगो की मौत हो गई. जबकि 4 घायल हैं. घटना घाटीगांव थाना क्षेत्र के घाटीगांव हाइवे की है. घटना के बाद FRB 44 पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल जवानों को एंबुलेंस से बाहर निकाल कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. जहां घायलों का इलाज चल रहा है.
शिवपुरी से इलाज कराने आ रहे थे ITBP के जवान
असल में शिवपुरी से भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) विभाग में पदस्थ 5 जवान बीमारी के चलते इलाज के लिए ग्वालियर एंबुलेंस के जरिए आ रहे थे. साथ में एक आरक्षक की पत्नी भी साथ आ रही थी. इनके साथ-साथ आईटीबीपी के एक पैरामेडिक आरक्षक भी एंबुलेंस में थे. एंबुलेंस ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र में आगरा मुंबई हाईवे पर थी. इसी दौरान जब उनकी एंबुलेंस ग्वालियर घाटीगांव थाना क्षेत्र के घाटीगांव वन चौकी के पास पहुंची, तो हाईवे पर खड़े एक ट्रक में जा घुसी.
इस घटना में मौके पर ही आरक्षक राजू वाल्मीकि की मौत हो गई. वहीं राजू वाल्मीकि की पत्नी सविता, पैरामेडिक आरक्षक मनोज शर्मा, रामकिशोर कुशवाहा, विमल खंगार और दिनश जाटव घायल हो गए. जिन्हें हाईवे पर खड़ी डायल 112 एफआरवी के कर्मचारियों ने रेस्क्यू कर ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल भेजा.
1 पैरामेडिकल स्टाफ की इलाज के दौरान मौत
मृतक आरक्षक राजू वाल्मीकि के परिजन ने बताया कि, “वे लोग बीमार थे, सभी 5 जवानों के साथ राजू वाल्मीक की पत्नी भी इलाज के लिए ग्वालियर साथ आ रही थी. वे जयारोग्य अस्पताल में ही इलाज कराने निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए है. मृतक के परिजन ने बताया कि राजू के अलावा एम्बुलेंस में मौजूद रहे पैरामेडिकल स्टाफ के आरक्षक मनोज शर्मा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है. बाकी चार लोगों का इलाज अभी चल रहा है.
आशंका जताई जा रहा है कि सर्दी के चलते हाइवे पर घना कोहरा और तेज रफ्तार इस हादसे का कारण हो सकता है. ग्वालियर एएसपी सुमन गुर्जर ने बताया कि “हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है. ट्रक को जब्त करते हुए ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से ट्रक को खड़ा करने का मामला दर्ज कर लिया है. ट्रक चालक अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.”