मध्य प्रदेश में एक और पति की हत्या, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर गोली मरवा दी

भिंड :मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भी धार जैसा कांड सामने आया है। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतरवा दिया। पति दोनों के अवैध रिश्ते में रुकावट बन रहा था। आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि हत्या में कथित तौर पर मदद करने वाला एक अन्य व्यक्ति अभी फरार है।

प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची
पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश के भिंड जिले में 23 साल की एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची और इस अपराध को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की। यह घटना धार में सामने आए इसी तरह के एक मामले के कुछ ही दिनों बाद हुई है। पुलिस ने बताया कि यह घटना अटेर थाने के अंतर्गत आने वाले इलाके में किया गया था। पुलिस अधीक्षक असित यादव ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि आरोपी महिला रूबी और उसके 21 साल के प्रेमी विशाल विमल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि हत्या में कथित तौर पर मदद करने वाला एक अन्य व्यक्ति अभी भी फरार है।

8 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अज्ञात लुटेरों ने निलेश जाटव (27) की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना तब हुई जब वह मोटरसाइकिल पर पत्नी रूबी तथा बच्चे के साथ थे। रूबी ने पुलिस को बताया कि वे गांव जमना से खरिका लौट रहे थे, तभी रिडोली-खरिका सड़क पर उनका बैग गिर गया। रूबी के अनुसार, जब उनके पति ने मोटरसाइकिल रोकी और वह बैग उठाने गईं तभी पीछे से दो अज्ञात लोग आए। उन्होंने उनके पति को गोली मार दी और वहां से भाग गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सात साल से प्रेम-संबंध था
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच के दौरान पत्नी के बयान संदिग्ध लगे। इसके बाद पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करके उससे पूछताछ की, जिससे मामला सुलझ गया। उन्होंने बताया कि रूबी का अपने एक रिश्तेदार विमल के साथ करीब सात साल से प्रेम-संबंध था। वे वाट्सअप कॉल और चैट के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे।

अवैध रिश्ते में एक रुकावट बन गया था पति
अधिकारी ने बताया कि महिला को लगा कि उसका पति उनके रिश्ते में एक रुकावट बन गया है। योजना के मुताबिक, महिला ने अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर सफर करते समय जान-बूझकर एक तय जगह पर अपना बैग गिरा दिया और पति से गाड़ी रोकने को कहा। जब जाटव ने गाड़ी रोकी तो विमल और उसके साथी ने कथित तौर पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से 12-बोर की देसी पिस्तौल, खाली कारतूस, बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। राजेश कुशवाह ने इसमें उनकी मदद की थी। वह अभी फरार है और उसे ढूंढ़ने की कोशिशें की जा रही हैं।

बता दें कि राज्य के धार जिले में हाल ही में एक ऐसा ही मामला सामने आया था। एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची और अपने पति को मारने के लिए एक सुपारी किलर को हायर किया। पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल करने से पहले उसने भी इस घटना को लूटपाट का रूप देने की भी कोशिश की थी।