शाम होते ही आसमान में मंडराने लगते हैं ड्रोन, एमपी- यूपी बॉर्डर पर लोगों में दहशत

छतरपुर: उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे छतरपुर के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों ड्रोन की रहस्यमई उड़ानों ने लोगों को दहशत में डाल दिया है. पिछले 5 दिनों से शाम ढलते ही आसमान में ड्रोन उड़ने लगते हैं. इससे ग्रामीण बेहद भयभीत हो गए हैं. स्थिति यह है कि शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक जाते हैं. ग्रामीण खुले में निकलने से कतरा रहे हैं. ग्रामीणों का डर तब और बढ़ गया जब एक ड्रोन सीधे एक किसान के खेत में आ गिरा. पुलिस ने ड्रोन को जब्त कर लिया है और जांच कर रही है कि इसके पीछे कौन है. कौन ड्रोन उड़ा रहा है उसकी वजह क्या है.

खेत में गिरा ड्रोन, गांव में हड़कंप

मामला गौरिहार थाना क्षेत्र के चंदपुरा गांव का है. यहां के निवासी किसान अर्जुन सिंह के खेत में एक संदिग्ध ड्रोन मिला. गांव के ही राजवा कुशवाहा की नजर खेत में पड़े इस ड्रोन पर पड़ी. उन्होंने तुरंत गांव वालों को सूचना दी. ड्रोन को देखने के लिए कुछ ही देर में ग्रामीणों की भारी भीड़ खेत में जमा हो गई. अर्जुन सिंह ने मामले की जानकारी तुरंत पहरा चौकी पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस भी ड्रोन को देखकर हैरान हो गई. हालांकि पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में ले लिया है और इसकी जानकारी छतरपुर एसपी अगम जैन को दे दी है.

राजवा कुशवाहा ने बताया, ” पिछले 5 दिनों से गांव के आसमान में लगातार ड्रोन उड़ते दिखाई दे रहे हैं. शाम होते ही ये आसमान में उड़ने लगते हैं, इससे पूरे गांव में भय का माहौल है. लोग परेशान हैं. शाम होते ही लोग घरों में चले जाते हैं. गांव यूपी के बांदा जिले से सटे होने के कारण ग्रामीणों में और डर है.” पुलिस ड्रोन को कब्जे में लेकर ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये ड्रोन किसका है? कहां से उड़ाया गया? क्या इसमें कैमरा या रिकॉर्डिंग डिवाइस लगी है? ड्रोन की आईपी डिटेल और तकनीकी डाटा खंगाला जा रहा है.

लवकुश नगर एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया, “सभी थानों के थाना प्रभारियों को अलर्ट कर दिया गया है. जहां से भी सूचना मिल रही तुरंत पुलिस मौके पर पहुच रही है. हम लोग भी तैयारी कर रहे है. टेक्निकल विभाग की सहायता ली जा रही है. बिना परमिशन के ड्रोन उड़ाना कानूनी अपराध है. इसके आईपी नम्बर की जांच की जा रही है. इसके अलावा ग्रामीणों से अपील की गई है कि जहां भी ऐसी कोई हरकत दिखे तुरंत 112 पर पुलिस को सूचित करें.”