कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से रिश्तों को शर्मसार और इंसानियत को झकझोर कर रख देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक हैवान मामा ने अपनी ही 6 वर्षीय मासूम भांजी को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया. बच्ची के पेट में दर्द होने पर जब मां डॉक्टर के पास ले गई, तब इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ. पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
यह दिल दहला देने वाली घटना जिले के कैमोर थाना क्षेत्र की है. जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय आरोपी वसीम खान उर्फ बाबू ने अपनी 6 साल की सगी भांजी को बहला-फुसलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया गया. आरोपी पिछले 3 से 4 दिनों से मासूम के साथ यह हैवानियत कर रहा था. उसकी दरिंदगी किसी के सामने न आए, इसके लिए वह मासूम बच्ची को लगातार डराता-धमकाता रहा.
पेट दर्द से खुला दरिंदगी का राज
डर के कारण बच्ची चुप रही, लेकिन जब उसके पेट में अचानक तेज दर्द उठा तो मां उसे डॉक्टर के पास ले गई. डॉक्टर से दिखाने के बाद जब मां ने बच्ची से प्यार से पूछताछ की, तो मासूम ने रोते हुए अपने साथ हुई सारी आपबीती बता दी.अपनी ही बेटी के साथ अपने भाई की इस दरिंदगी को सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई.
आक्रोशित मां तुरंत अपनी बेटी को लेकर कैमोर थाने पहुंची और आरोपी भाई वसीम खान के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने फौरन एक्शन लिया. जांच अधिकारी अनिल पांडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज कर, उसे चंद घंटों के भीतर ही कैमोर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.