मंडला : मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शनिवार सुबह तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे, जो छत्तीसगढ़ के दुर्ग से उत्तर प्रदेश के वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार सुबह मोइयानाला के पास अचानक बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
मौके पर निवास एसडीओपी और बीजाडांडी थाना प्रभारी अनिता कुडापे मौजूद रहीं तथा उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी की। थाना प्रभारी अनिता कुडापे ने बताया कि हादसे में घायल 11 यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।
दुर्घटना के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को बीजाडांडी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में सुरक्षित ठहराया गया है। प्रशासन द्वारा उनके भोजन एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।