नरसिंहपुर में भीषण हादसे के बाद मृतकों की संख्या 5 हुई, 1 युवक लड़ रहा जिंदगी की जंग

नरसिंहपुर : मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में रविवार देर शाम एक भीषण हादसा हुआ है. यहां हाथीनाला वॉटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे छह युवकों को एक डंपर ने कुचल दिया, जिसमें से 5 की मौत हो गई है और 1 की हालत गंभीर बनी हुई. हादसा जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरसिंहपुर के सुआतला थाना क्षेत्र में हुआ है.

चाय की दुकान पर खड़े थे युवक, तभी चढ़ा डंपर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जबलपुर के शहपुरा, मानेगांव और नरसिंहपुर के कुछ युवक हाथीनाला वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने पहुंचे थे. देर शाम सभी नेशनल हाईवे से लगी एक चाय की दुकान पर चाय पीने रुके. इसी दौरान लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक तेज रफ्तार डंपर ने सभी को कुचल दिया. डंपर की चपेट में 6 युवक आए हैं, जिसमें 4 की मौत हो गई थी, वहीं 1 ने सोमवार सुबह इलाक के दौरान दम तोड़ दिया है, जबकि 1 की हालत बेहद नाजुक है.

हादसे में इनकी हुई मौत
हादसा इतना भयावह था कि आसपास के लोगों की रूह कांप गई. हर ओर चीख पुकार मच गई. टक्कर में ग्राम बरपटी निवासी जयपाल लोधी (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, वीरेंद्र लोधी (21 वर्ष), राजेंद्र लोधी (32 वर्ष) और राजपाल लोधी (20 वर्ष) को जबलपुर ले जाते वक्त हालत गंभीर होने पर शाहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी मृत घोषित कर दिया. इसके अलावा, नीरज लोधी ने सोमवार सुबह दम तोड़ दिया जबकि आकाश लोधी को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.

एडशिनल एसपी नरसिंहपुर संदीप भूरिया ने बताया, ” हाथीनाला वॉटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे युवक राजमार्ग पर चाय पीने रुके थे. तभी करीब 7 सवा सात बजे तेज रफ्तार हाईवा चालक ने सड़क पर खड़े लगभग 6 लोगों को कुचल दिया और फरार हो गया है. सीसीटीवी के आधार पर आरोपी हाइवा चालक को कोजा जा रहा है.”

परिजन बोले- हादसा नहीं ये मर्डर है
मृतक राजेंद्र लोधी के परिजनों का कहना है कि यह सामान्य एक्सीडेंट नहीं बल्कि राजेंद्र पटेल और उनके साथियों की हत्या हुई है. राजेंद्र लंबे समय से रेत माफियाओं के खिलाफ आवाज उठा रहे थे. इसी वजह से ये सब हुआ है. वहीं, सुआतला थाने की पुलिस सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

मृतकों में सपा यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल
वहीं, जबलपुर के समाजवादी नेता आशीष मिश्रा ने बताया, ” राजेंद्र पटेल (लोधी) समाजवादी पार्टी के मुलायम यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष थे और वे लंबे समय से रेत के अवैध उत्खनन को लेकर आंदोलन कर रहे थे, इसलिए उनकी हत्या हुई है. आशीष मिश्रा ने घटनास्थल का वीडियो दिखाते हुए आरोप लगाया कि मौके पर केवल राजेंद्र और उनके साथियों पर ट्रक चढ़ाया गया है और बाद में ट्रक रिवर्स करके चालक मौके से फरार हो गया और किसी भी दूसरी चीज को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया.”