भोपाल; मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दर्दनाक हादसा हो गया. सड़क पर बैठी एक चार साल की मासूम को स्कॉर्पियो कार ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी चालक स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया.
मामला भोपाल के बैरसिया थाना क्षेत्र के लालरिया गांव का है, जहां यह दर्दनाक हादसा हुआ है. जानकारी के अनुसार, सोहल खान की दो मासूम बेटियां दुकान पर चॉकलेट लेने गई थीं. किराना की दुकान सड़क के पार थी. बड़ी बहन ने सड़क जल्दी पार कर ली थी, लेकिन चार साल की छोटी बहन पार नहीं कर पाई. जिससे वह रूठकर सड़क पर बैठ गई.
इलाके के लोगों में आक्रोश
इस दौरान वहां खड़ी स्कॉर्पियो कार ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई, जो बहुत ही दर्दनाक है. इस घटना से इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने आरोपी चालक को पकड़ने की मांग की है.
सूचना मिलते ही बैरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक घटना के बाद फरार हो गया. CCTV फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.