‘धर्मेंद्र प्रधान तो छात्र आंदोलन के पहले दिन ही इस्तीफा देना चाहते थे, लेकिन…’; BJP के बड़े नेता का दावा

मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन शुरू होने के पहले दिन ही भाजपा आलकमान के सामने मंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी थी। विजयवर्गीय ने इंदौर में शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में धर्मेंद्र प्रधान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें जो भी दायित्व सौंपा जाता है, वह उसे बड़ी ईमानदारी और समर्पण से निभाते हैं।

विजयवर्गीय के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष ने उस समय प्रधान को यह कहते हुए इस्तीफा देने से रोक दिया था कि जब तक इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वह इस्तीफा नहीं देंगे और किसी व्यक्ति से इस्तीफे की बात तक नहीं करेंगे। उन्होने कहा कि बाद में बनीं परिस्थितियों के चलते जब पार्टी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का निर्णय लिया, तो उन्होंने तुरंत इस्तीफा दे दिया।

विदेशी ताकतों के मंसूबे नाकाम
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव ने कहा, ”प्रधान के इस्तीफे से उन सब विदेशी ताकतों के मंसूबे खत्म हो गए जो बांग्लादेश और श्रीलंका की तरह भारत में हिंसा फैलाकर अस्थिरता पैदा करना चाहती थीं। इसलिए प्रधान ने जो काम किया है, उसके लिए मैं उनको बधाई भी देता हूं।”

प्रधान के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस नेताओं के जश्न मनाने पर कैलाश विजयवर्गीय ने तंज कसते हुए कहा कि ‘पड़ोसी के घर में बच्चा पैदा होने पर कांग्रेस ढोलक बजा रही है।”

उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन में कांग्रेस की क्या भूमिका थी? बच्चों ने आंदोलन किया, वे (कांग्रेस) जाकर उसके पीछे खड़े हो गए। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद विपक्ष बिल्कुल निराश हो गया है और निराशा के पल में उन्हें आशा की एक किरण कॉकरोच जनता पार्टी में दिखी। उन्होंने पूछा कि क्या छात्र आंदोलन में किसी कांग्रेस नेता ने पुलिस का एक भी लट्ठ खाया है?

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दीमक का काम करते हुए देश की शिक्षा व्यवस्था को अंदर से खोखला कर दिया है।

इस बयान पर पलटवार करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि मुझे राहुल गांधी की राजनीतिक विचारधारा और उनकी बुद्धि पर बहुत तरस आता है। मुझे लगता है कि उन्हें अभी जरा समझना पड़ेगा कि संघ है क्या? उन्होंने कहा कि देश आज सही दिशा में जा रहा है और इसके पीछे संघ की मेहनत है।