रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोमवार शाम को 8 स्कूली छात्र पिकनिक मनाने पहुंचे थे। श्री राम डैम में नहाने उतरे, जिसमें दो छात्रों का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि पांच छात्र पानी से बाहर आ गए थे और 3 छात्र गहरे पानी मे चले गए इस दौरान एक छात्र को खींचकर पानी से बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, बच्चे स्कूल जाने का बहाना कर घर से निकले थे। पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम लापता छात्रों की खोजबीन कर रही है।
रतलाम जिले के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के बाजना रोड पर पलसोड़ी ग्राम पंचायत के श्रीराम डैम में सोमवार शाम करीब 4 बजे दो स्कूली छात्र डैम में डूब गए। वे अपने 8 दोस्तों के साथ यहां पिकनिक मनाने आए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। देर शाम तक लापता छात्रों की पानी में तलाश शुरू की,अंधेरा बढ़ने की वजह से रेस्क्यू अभियान रोक दिया। अब मंगलवार सुबह दोबारा सर्चिग होगी। घटना से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि सभी छात्र रतलाम के समता शिक्षा निकेतन स्कूल में 9वीं क्लास में पढ़ते हैं ओर 7 मार्च से उनकी वार्षिक परीक्षाएं होनी हैं।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, डैम की गहराई करीब 50 फीट है, दोपहर करीब 2 बजे वे डैम की पाल पर मोटर लगाने का काम कर रहे थे, इसी दौरान डैम किनारे पिकनिक मना रहे छात्रों की चीख-पुकार सुनाई दी, ग्रामीण और उनके साथी मौके पर पहुंचे और एक छात्र को पानी से बाहर सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन दो छात्र गहरे पानी में चले जाने से लापता हो गए। डूबने वाले छात्रों की पहचान टाटानगर निवासी 14 वर्षीय ध्रुव पुत्र आनंद बलसोरा और श्रीनगर निवासी 14 वर्षीय जय उर्फ आशुतोष पुत्र बसंत मंडलोई के रूप में हुई है। जय मूल रूप से हरथली का निवासी बताया गया है।
स्कूल जाने का बहाना बनाकर निकले थे छात्र लापता छात्र आशुतोष की मां रामकन्या बाई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा- बेटा 9वीं क्लास में पढ़ता है। मुझे आज एक मीटिंग में जाना था। आशुतोष ने बताया था कि स्कूल में पार्टी है। ये नहीं कहा था कि यहां आएगा। मैंने फोन लगाया तो उसने उठाया नहीं। मुझे लगा कि वो कोचिंग गया होगा। करीब साढ़े चार बजे मैं घर आई, तब मुझे इस हादसे के बारे में पता चला।
पहले बनाई मैगी फिर नहाने उतरे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा बाजना रोड पर पलसोड़ी ग्राम पंचायत के श्री राम डैम में सोमवार शाम करीब 4 बजे हुआ है,जांच में सामने आया की डैम किनारे पत्थरों से बना चूल्हा मिला है। पास ही मैगी के खाली पैकेट पड़े हैं। इसके चलते अंदेशा है कि छात्रों ने पहले यहां मैगी बनाई, फिर खाने के बाद नहाने पानी में उतरे।सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची, देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोक दिया गया, मंगलवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
एसडीएम आर्ची हरित ने बताया कि रतलाम से 8 स्कूली छात्रों का ग्रुप पिकनिक मनाने बांध पर आया था। धुरु और जय के अलावा ग्रुप में खेतलपुर निवासी शुभम धाकड़, सालाखेड़ी निवासी केशव जाट, डोंगरे नगर निवासी अर्पित कटारा, मुखर्जी नगर निवासी लक्ष्य राठौर, राघव शर्मा और युवराज शामिल थे। यहां सभी दोस्तों ने मिलकर मैगी बनाई। खाने के बाद सभी नहाने के लिए पानी में उतर गए। इनमें से 5 नहाकर पानी से बाहर आ गए। लेकिन तीन छात्र पानी के और अंदर बढ़ गए। गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से वे डूबने लगे। बाकी दोस्तों ने एक छात्र को बाहर खींच लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।