मध्य प्रदेश में CM हेल्पलाइन में झूठी शिकायतें, अब ऐसे लोगों की खैर नहीं, तैयार हो रही लिस्ट

भोपाल: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का गलत इस्तेमाल करके बार-बार झूठी शिकायतें करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है. निगमों, नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में झूठी और ब्लैकमेलिंग वाली शिकायतें करने वालों की जल्द ही पहचान करके उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा. मुख्यमंत्री सचिवालय के हालिया निर्देशों के बाद शहरी विकास और आवास विभाग ने सभी नगर निकायों को पत्र लिखकर आदतन शिकायत करने वालों की लिस्ट बनाकर जिला कलेक्टर के ऑफिस में जमा करने का निर्देश दिया है.

सीएम हेल्पलाइन में झूठी शिकायतों पर सख्ती
दरअसल, मध्यप्रदेश सरकार ने CM हेल्पलाइन का दुरुपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है. कुछ लोग बार-बार झूठी शिकायतें दर्ज कर प्रशासन और विभागों को परेशान कर रहे हैं. एक व्यक्ति द्वारा 100 से अधिक बार फर्जी शिकायत करने का मामला सामने आया है. ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और सभी जिलों के कलेक्टरों को उनके नामों की सूची भेजी जाएगी. इंदौर, जबलपुर, रीवा संभाग और खरगोन जिले में ऐसे मामलों की संख्या अधिक है. प्रशासन ने कहा है कि झूठी शिकायतें कर ब्लैकमेल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

तैयार हो रही लिस्ट
सरकार ने ऐसे लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इंदौर, जबलपुर, रीवा संभाग और खरगोन जिले में ऐसे शिकायतबाजों की संख्या सबसे अधिक पाई गई है. संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बार-बार झूठी शिकायत करने वालों की सूची तैयार करें और उसे जिला कलेक्टरों को भेजें. इसके बाद इन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.