मध्य प्रदेश के इस शहर में ‘राम जी की सेना’ का खौफ, दिनदहाड़े लोगों पर हमले, पुलिस ने भी मानी हार!

अनूपपुर ; अनूपपुर जिले के बिजुरी रेलवे स्टेशन पर इन दिनों ट्रेन से ज्यादा चर्चा बंदरों की हो रही है. पिछले 20 दिनों से यहां एक बड़ा बंदर और उसके साथ एक छोटा बंदर लगातार आतंक मचाए हुए हैं. हालत ये है कि अब तक 15 से 20 लोग उनके हमलों का शिकार बन चुके हैं. रेलवे कर्मचारी हों या यात्री, सभी में दहशत का माहौल है.

कब और कैसे हमला करता है बंदर?
रेलवे कर्मचारियों के मुताबिक, ये बंदर ज्यादातर तब हमला करता है जब वे ट्रेन से चार्ज लेने (इलेक्ट्रिक सप्लाई चेक करने) जाते हैं. कर्मचारी बताते हैं कि अब तो हालात ऐसे हो गए हैं कि उन्हें बांस का डंडा लेकर काम पर जाना पड़ता है. लेकिन फिर भी अगर जरा सा ध्यान इधर-उधर हुआ तो बंदर अचानक हमला कर देता है. कई बार घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए बिलासपुर तक ले जाना पड़ा है.

यात्रियों में भी डर का माहौल
यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर उतरते ही डर सताने लगता है कि कहीं बंदर हमला न कर दे. खासकर महिलाएं और बच्चे तो ज्यादा डरे रहते हैं. इस वजह से कई लोग बिजुरी स्टेशन पर उतरने से बचने लगे हैं.

शिकायतें हुईं, कार्रवाई नहीं
रेलवे कर्मचारियों ने इसकी शिकायत कई बार की है. रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखा गया, वन विभाग को जानकारी दी गई, नगरपालिका बिजुरी से मदद मांगी गई. यहां तक कि मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री दिलीप जयसवाल तक को शिकायत पहुंचाई गई. लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. नतीजा ये है कि कर्मचारियों और यात्रियों की मुश्किलें दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं.

कब मिलेगी राहत?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ परेशानी ही नहीं बल्कि सुरक्षा का बड़ा खतरा भी है. अगर समय रहते वन विभाग और रेलवे प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है.