यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 16 आईपीएस अफसरों के तबादले

यूपी में ताबड़तोड़ तबादले हो रहे हैँ। बुधवार को सात आईपीएस और 57 पीपीएस के बाद अब गुरुवार को भी यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल हुआ है। योगी सरकार ने आज़मगढ़, देवरिया, अलीगढ़, उन्नाव, कुशीनगर, प्रतापगढ़, औरैया, सोनभद्र हरदोई, अंबेडकरनगर के पुलिस अधीक्षक बदल दिए गए। कुल 16 आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं।

गुरुवार को जारी किए आदेश में आजमगढ़ के एसएसपी हेमराज मीना को हटा दिया गया है। हेमराज को पुलिस अधीक्षक, सम्बद्ध, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। हरदोई के एसपी नीरज कुमार जादौन को अलीगढ़ का नया एसएसपी बनाया गया है। कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्रा को पुलिस अधीक्षक, सम्बद्ध, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक भेजा गया। अंबेडकरनगर के एसपी केशव कुमार को कुशीनगर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। लखनऊ में तैनात एसपी सुरक्षा जय प्रकाश सिंह को उन्नाव का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अलीगढ़ के एसएसपी संजीव सुमन को देवरिया जिले का एसपी के पद नई तैनाती मिली है। इसके अलावा देवरिया के एसपी विक्रांत वीर को पुलिस अधीक्षक, सम्बद्ध, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक भेजा गया है। सोनभद्र के एसपी अशोक कुमार मीना को हरदोई का एसपी बनाया गया है। आगरा रेलवे में एसपी के पद पर तैनात अभिषेक वर्मा को सोनभद्र का नया एसपी बनाया गया है।

उन्नाव के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर को प्रतापगढ़ जिले का एसपी बनाया गया है। प्रतापगढ़ जिले में तैनात एसपी डॉ. अनिल कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ बनाया गया है। औरैया के पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर को पुलिस अधीक्षक अंबेडकरनगर बनाया गया है। प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त अभिषेक भारती को औरैया का एसपी बनाया गया है। प्रयागराज में 04 वाहिनी पीएसी में सेनानायक मनीष कुमार शांडिल्य को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी मिली है। पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक, बलिया के रूप में तैनात अनिल कुमार झा को पुलिस अधीक्षक, रेलवे आगरा बनाया गया है।