जबलपुर: जबलपुर के बरगी नगर थाना पुलिस ने साइबर अपराध के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल विश्वकर्मा (23) को नागपुर से गिरफ्तार किया है। रविवार को गिरफ्तारी के बाद सोमवार को उसे जबलपुर लाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं।
फर्जी ID बनाकर करता था ब्लैकमेल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साहिल इंटरनेट मीडिया पर अलग-अलग नामों से सौ से अधिक फर्जी आईडी संचालित कर रहा था। वह इन आईडी के माध्यम से युवतियों से दोस्ती करता और बाद में उनकी बातचीत के स्क्रीनशॉट लेकर उन्हें वायरल करने की धमकी देता था। इसके जरिए वह युवतियों से रुपये मांगता और दबाव बनाता था।
शिकायत के बाद खुला मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी नागपुर में रहकर प्राइवेट मार्केटिंग जॉब कर रहा था। उसने अपने एक दोस्त के नाम और फोटो का उपयोग कर एक फर्जी प्रोफाइल बनाई और उसकी परिचित युवती को निशाना बनाया। आरोपी ने युवती से आपत्तिजनक सामग्री होने का दावा कर धमकाया और अलग-अलग किस्तों में करीब 50 हजार रुपये वसूल लिए। इसके बाद वह फिर से 12 हजार रुपये मांग रहा था। परेशान होकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एक अन्य युवती ने भी इसी तरह के आरोप लगाए।
सैकड़ों युवतियों को बनाया शिकार
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की युवतियों से भी संपर्क में था। वह सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवतियों के निजी दायरे की जानकारी जुटाता और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखता था।इसके आधार पर वह उन्हें ब्लैकमेल करता था। पुलिस को संदेह है कि उसने सौ से अधिक युवतियों को इस तरह अपने जाल में फंसाया।
गंभीर आरोपों की जांच जारी
पुलिस को जब्त पेन ड्राइव में कई वीडियो, दो सौ से अधिक युवतियों के फोटो और तीन हजार से ज्यादा चैट स्क्रीनशॉट मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि जो युवतियां पैसे नहीं देती थीं, उन पर वह शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता था। कुछ मामलों में होटल बुलाकर दुष्कर्म की आशंका भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।