मध्य प्रदेश में भीषण हादसा, डंपर के नीचे दबकर स्कूटी सवार 2 लोग जिंदा जले

खंडवा: मध्य प्रदेश में एक भीषण हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों पूरी तरह जल चुके थे। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर थाने के मोरटक्का पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने संत सिंगाजी थर्मल पावर से राखड़ भरकर आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहन सवार डंपर के नीचे दबकर जिंदा जल गए।

इस हादसे में 35 साल के बड़वाह आदर्श नगर के विनीत शर्मा और 40 साल के मोहसिन अली की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद डंपर पलट गया और ईस्कूटी में आग लग गई, जिससे दोनों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। देखते देखते दोनों लोग आग में जिंदा जल गए।

घटनास्थल पर अफरा-तफरी
सूचना मिलते ही पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ओंकारेश्वर तहसीलदार उदय मंडलोई और चौकी प्रभारी आशीष लाड पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों पूरी तरह जल चुके थे। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसे देर रात तक पुलिस जवानों ने खुलवाया।

भारी वाहनों पर राजनीति का दबाव!
स्थानीय लोगों ने इस दर्दनाक हादसे के पीछे प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक दबाव को जिम्मेदार ठहराया है। उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से देशगांव से इंदौर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगी हुई थी, लेकिन हाल ही में राजनीति दबाव में आकर खंडवा कलेक्टर ने इस मार्ग पर फिर से भारी वाहनों की अनुमति दे दी। इसके बाद से इस सड़क पर रोजाना ट्रकों और डंपरों की भरमार रहती है और दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

जनाक्रोश और मांग
हादसे से आक्रोशित लोगों ने एक बार फिर शासन-प्रशासन से मांग की है कि खंडवा–इंदौर इच्छापुर मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। ऐसा नहीं करने पर आने वाले दिनों में और भी भयावह घटनाएं सामने आ सकती हैं।