मुरैना में थानेदार की जगह सरकारी गाड़ी में घूम रहा उनका डॉग, नियमों के उड़े चीथड़े, वीडियो वायरल

मुरैना। जिले के रामपुर कस्बे से शुक्रवार की दोपहर एक ऐसा वीडियो बहुप्रसारित हो गया, जिसमें रामपुर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल थाने की सरकारी गाड़ी में एक कुत्ते को बैठाकर कस्बे की सड़कों पर घुमाया जा रहा है। यह कुत्ता थाना प्रभारी का बताया जा रहा है।

वीडियो में दिख रहा है, कि बीच की सीट पर बैठा कुत्ता अपना मुंह गाड़ी के गेट के खुले हुए शीशे से बाहर निकालकर सड़क और आसपास ऐसे देख रहा है, मानो वह कस्बे का भ्रमण कर रहा हो। गाड़ी को थाने का आरक्षक ड्राइवर चला रहा है।

यह कुत्ता थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा का बताया जा रहा है। वीडियो प्रसारित होने के बाद थाना प्रभारी ने कहा कि मेरा कुत्ता है तो सही, लेकिन वह गाड़ी में था या नहीं, कहीं ड्राइवर ले गया हो। पता करता हूं, तब बता पाऊंगा।