खंडवा; खंडवा में ट्रेन में लूट की कहानी फर्जी निकली. खंडवा जीआरपी ने फर्जी लूटकांड का 12 घंटे में पर्दाफाश किया. पुलिस ने 1 करोड़ 82 लाख रुपये के सोने के जेवरात बरामद किए. दरअसल मुंबई से चली फर्जी लूट की साजिश खंडवा में बेनकाब हुई. आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं. वे खुद पीड़ित बने थे. जीआरपी थाना छत्रपति शिवाजी टर्मिनल पर फरियादी बनकर सागर पारख ने रिपोर्ट लिखाई थी. इस रिपोर्ट में बताया था कि खंडवा जीआरपी क्षेत्र में लूट की वारदात हुई है.
जांच में पाया गया कि फरियादी ने जो घटनाक्रम बताया था, उसमें सच्चाई नहीं थी. फरियादी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर खुद को चोट पहुंचाई गई. आरोपी सागर, सह-आरोपी संजय और राकेश ने ज्वेलरी कल्याण स्टेशन पर अपने साथी प्रवीण को दे दी थी. प्रवीण राजस्थान का रहने वाला है. मुंबई में प्रवीण से लूट का माल बरामद कर लिया गया है. सागर मुंबई के झावेरी बाजार के ज्वेलर्स से जुड़ा है. जीआरपी खंडवा की टीम ने मुंबई और राजस्थान तक की कड़ी खंगाली और सिर्फ 12 घंटे में फर्जी लूट की गुत्थी सुलझा दी.