भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल के निशातपुरा इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 33 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव एक खाली प्लॉट के सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। पुलिस इंस्टाग्राम से शुरू हुई इस घटना की तह तक पहुंची और 24 घंटे में मामले को सुलझा लिया। मृतका की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली अशरफी उर्फ सिया के तौर पर हुई है जो महाराष्ट्र के गोंडिया जिले की रहने वाली थी। उसकी समीर नाम के शख्स के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई और जल्द ही ये दोस्ती प्यार में बदल गई। लेकिन समीर पहले से शादी शुदा था और दो बच्चों का पिता भी था। सिया समीर के प्यार में इस कदर अंधी हो गई कि वह अपना घर छोड़ तीन महीने पहले भोपाल आ गई और समीर के कमला नगर स्थित घर में रहने लगी।
कैसे बिगड़ी बात भोपाल आने के बाद सिया के समीर की पत्नी के साथ झगड़े शुरू हो गए। पड़ोसियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उनके घर झगड़ा होने की आवाज आती थीं। पड़ोसियों ने घर में तेज झगड़े और तनाव की सूचना दी। बताया जा रहा है कि समीर ने सिया से कई बातें छुपाई थीं, जिससे झगड़े बढ़ते गए। पुलिस के अनुसार, सिया लगातार समीर पर शादी का दबाव बना रही थी और शादी न करने की स्थिति में 5 लाख रुपये की मांग कर रही थी। मामला तब और बिगड़ गया जब सिया ने कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। समीर की पत्नी तनाव बढ़ता देख अपने मायके जबलपुर चली गई। इस बीच सोमवार शाम को दोनों के बीच फिर से तीखी बहस हुई जिसके बाद गुस्साए समीर ने सिया का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
सबूत छिपाने के लिए परिवार से मांगी मदद एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक सिया की हत्या करने के बाद समीर ने अपने भाई, मां और बहन से सबूच छिपाने के लिए मदद मांगी। उन्होंने शव को लोहे के बॉक्स में बंद किया और आधी रात में खाली प्लॉट के सैप्टिक टैंक में उसे फेंक दिया।
कैसे हुआ मामले का खुलासा गुरुवार की शाम कुछ बच्चे उसी सैप्टिंक टैंक के पास खेल रहे थे। उन्हें वहां से बदबू आई तो उन्होंने इसकी शिकायत की जिसके बाद आस-पड़ोस के लोगों ने वहां लोहे का बॉक्स तैरते हुए देखा। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टैंक बाहर निकाला और सड़ी गड़ी हालत में सिया का शव बरामद किया। उधर वारदात को अंजाम देने के बाद से समीर फरार है। शव के सड़ने के कारण चोट के निशान साफ नहीं थे, लेकिन हाथ पर बने ‘दीपक’ के टैटू और उस पर लिखी जन्मतिथि ’26 मई 1992′ से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने इस मामले में समीर के भाई, मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसकी पत्नी भी जांच के दायरे में है।