मुरैना: रामपुर कला गांव एक परिवार का बिजली बिल अधिक आया। ऐसा मीटर की रीडिंग की गड़बड़ी की वजह से हुआ था। इसके बाद परिवार के लोग बिजली विभाग के दफ्तर में पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया है। साथ ही महिला आक्रोशित होकर वहां मौजूद कर्मचारी की पिटाई शुरू कर दी है। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
मीटर रीडिंग के लेकर विवाद
दरअसल, मुरैना जिले के रामपुर कला गांव में विद्युत विभाग के कर्मचारी विनोद कुशवाहा ने क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान जयप्रकाश सिंगल के घर मीटर रीडिंग दर्ज की थी। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि रीडिंग वास्तविक खपत से अधिक दर्ज की गई है, जिससे बिजली बिल बढ़ गया। इसी शिकायत को लेकर शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच जयप्रकाश सिंगल अपनी पत्नी शिल्पी सिंगल के साथ विद्युत कार्यालय पहुंचे। वहां कर्मचारी से रीडिंग को लेकर चर्चा हुई, लेकिन बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
चप्पलों से कर दी पिटाई
बहस बढ़ने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और शिल्पी ने कर्मचारी विनोद कुशवाहा को पकड़कर चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कर्मचारियों की पिटाई दिखाई दे रही है। यही नहीं महिला इतने गुस्से में थी कि गाली-गलौज भी कर रहे थे। बाद में ऑफिस के कुछ कर्मचारी ही बीच बचाव करने आए। घटना का वीडियो अब वायरल है, जिसमें मारपीट की जा रही है। बताया जा रहा है कि अधिक बिजली बिल की बात को कर्मचारी मानने को तैयार नहीं था। वहीं, परिवार का कहना था कि हमने इतना इस्तेमाल नहीं किया है।
पुलिस में दर्ज कराई है शिकायत
घटना के बाद कर्मचारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।