भोपाल: मध्य प्रदेश में साल के पहले ही सप्ताह में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है। सोमवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है और ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। तेज सर्द हवाओं से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और आग का सहारा ले रहे हैं। सुबह और शाम घर से बाहर निकलते समय लोग गर्म मफलर से मुंह ढककर और सिर पर गर्म टोपा पहनकर निकल रहे हैं। वहीं कई स्थानों पर लोग अलाव पर हाथ तापते भी नजर आ रहे हैं। कई जिलों में ठंड को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
छतरपुर का नौगांव सबसे ठंडा रहा
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में ठंड का कहर और बढ़ सकता है। पिछले 3 दिन से पूरा मध्य प्रदेश कोहरे के आगोश में है। भोपाल में सुबह 6 से 7 बजे के बीच इतना घना कोहरा छाया हुआ था कि 20 मीटर बाद कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। सुबह 11 बजे तक कोहरा छाया रहा। पंचमढ़ी में गाड़ियों की सीट पर बर्फ की परत जमी मिली। छतरपुर का नौगांव सबसे ठंडा रहा। यहां सोमवार को तापमान 1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है।
इस बार मध्यप्र देश में नवंबर-दिसंबर की सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। नवंबर में 84 साल में सबसे ज्यादा ठंड पड़ी तो दिसंबर में 25 साल का रिकॉर्ड टूटा। मौसम विभाग ने नवंबर-दिसंबर की तरह ही जनवरी में भी कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के एक्सपर्ट्स की मानें तो जनवरी में प्रदेश में माइनस वाली ठंड गिर चुकी है। अबकी बार भी तेज सर्दी, घना कोहरा छाने के साथ शीतलहर भी चलेगी।
इन जिलों में शीतलहर का असर
खजुराहो, गुना, नर्मदापुरम, रायसेन, दमोह, सागर, जबलपुर, नौगांव, दतिया, धार, ग्वालियर, इंदौर, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, रीवा, सतना, श्योपुर, बालाघाट, उमरिया, सीधी, मंडला, छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में कोहरे का असर देखा गया। सर्द हवाओं की वजह से सर्दी भी तेज हो गई है। ज्यादातर जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया है। दतिया में 4.4 डिग्री, राजगढ़-खजुराहो में 5.4 डिग्री, मलाजखंड में 5.5 डिग्री, उमरिया में 5.7 डिग्री, मंडला-पचमढ़ी में 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में भोपाल में 6.8 डिग्री, इंदौर में 8.6 डिग्री, ग्वालियर में 6.4 डिगी उज्जैन में 9.5 डिग्री रहा है।
उज्जैन में बादलों और सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड
उज्जैन में लगातार गिरते तापमान और आसमान में छाए बादलों के कारण सर्द हवाओं ने ठंड और बढ़ा दी है। बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के स्कूलों की छुट्टियां
ठंड के चलते नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया, हालांकि सुबह 9 बजे के बाद स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को भी कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2 दिसंबर को शहर का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो बीती रात घटकर 9.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। 2 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री रहा, जबकि 4 दिसंबर को यह घटकर 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उज्जैन कलेक्टर के रेन बसेरा का किया निरीक्षण
उज्जैन में पिछले दो दिनों से जारी शीतलहर को देखते हुए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम द्वारा संचालित मुख्यमंत्री रैन बसेरों का रविवार देर रात औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने नानाखेड़ा बस स्टैंड और दूध तलाई स्थित आश्रय स्थलों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रैन बसेरों में ठहरे निराश्रितों के लिए कंबल, हीटर, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच की। उन्होंने बस स्टैंड क्षेत्र में खुले में सो रहे लोगों को रैन बसेरों में भिजवाया और ठंड से बचाव के लिए समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए।
ट्रेन ओर हवाई जहाज पर असर
सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण इंदौर एयरपोर्ट पर पहला विमान सुबह 8.54 बजे लैंड हो सका, जबकि सामान्य स्थिति में पहली फ्लाइट सुबह 6:40 बजे लैंड होती है। कोहरे के चलते सुबह की 10 से ज्यादा उड़ानें एक से तीन घंटे की देरी से संचालित हुईं।
दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की टाइमिंग पर असर
वहीं, दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की टाइमिंग पर असर पड़ा है। मालवा, सचखंड, शताब्दी समेत कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं। मालवा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 3 घंटे से ज्यादा देरी से चल रही है।
शाजापुर जिले के स्कूलों में 8वीं तक के बच्चों 2 दिन की छुट्टी
उज्जैन संभाग के शाजापुर जिले में शीतलहर के चलते नर्सरी से 8वीं तक के बच्चों के लिए 5 एवं 6 जनवरी का अवकाश घोषित किया गया है, न्यूनतम तापमान में अत्यधिक कमी होने को दृष्टिगत रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं समस्त बोर्ड से सम्बद्ध शैक्षणिक संस्थाओ का प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से 8वी तक के बच्चों का 05 एवं 06 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही विद्यालय स्टाफ
विद्यालय में उपस्थिति रहेगे। अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियां यथा परीक्षा आदि पूर्ववत संचालित रहेंगे।
रतलाम जिले में भी ठंड और कोहरे का डबल अटैक
उज्जैन संभाग के रतलाम जिले में कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर देखा जा रहा है। यहां कड़ाके की ठंड के साथ-साथ ठंडी हवाओं का दौर जारी है। सुबह के समय शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, तापमान 12 से 13 डिग्री तक लुढ़का, कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित की गई है। ठंड और कोहरे के चलते लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन का अधिकतम तापमान 20°C से 25°C तक रहने की संभावना है, हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। लगातार ठंड के चलते जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों की दो दिन की छुट्टी घोषित की है, यह छुट्टी 5 और 6 जनवरी को लागू रहेगी।
अमरकंटक में जमी बर्फ
सोमवार को अनूपपुर जिले के अमरकंटक और अनूपपुर में तो हालात और भी ज्यादा खराब हो रहे हैं। यहां आज इस सीजन का सबसे घना कोहरा देखने को मिला है, सुबह विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि 10 मीटर से आगे कुछ दिख ही नहीं रहा था। सड़कों पर चलने वाले वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। कई जगह लोग हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर बेहद धीरे-धीरे गाड़ियां चलाते दिखे। हाईवे पर हालात और भी खराब हैं, जहां वाहनों की रफ्तार लगभग थम सी गई। पवित्र नगरी अमरकंटक में आज पांचवी बार ओस की शबनमी बूंदों ने बर्फ का रूप ले लिया। आज अमरकंटक का सबसे ठंडा दिन रहा, जब तापमान 0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। विगत तीन दिनों से जारी शीतलहर में पवित्र नगरी अमरकंटक में बर्फ जम रही है। नर्मदा नदी के रामघाट दक्षिण तट के पार्क में तथा इंद्र दमन तालाब तट में अच्छी खासी बर्फ जमी देखी गई। घास पर अच्छी खासी बर्फ जमी रही यहां तक की बाहर खड़े वाहनों के कांच एवं छतों पर भी बर्फ जमी देखी गई।
नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी हिल स्टेशन में बर्फ की चादर जम गई है। सीजन में पहली बार इतनी ठंड बढ़ने से पचमढ़ी में गाड़ियों की सीट पर बर्फ देखने को मिल रही है।पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान 5.8 पर पहुंच गया है। वहीं नर्मदापुरम की बात करे तो 11.0 के पास पहुंच चुका है। पिछले 3 दिन से कड़कड़ाती ठंड का दौर जारी है।
जीवाजी राव वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र गुप्त ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इसके चलते प्रति चक्रवात में नमी मिलने से आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों में बादल छंटने के बाद तापमान में और तेजी से गिरावट आने की संभावना है।