दतिया उपचुनाव से पहले बड़ा फेरबदल, 14 पुलिस अफसरों के किए गए तबादले; देखें पूरी लिस्ट

Datia By Election Police Officer Transfer: दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है. भारतीय जनता पार्टी की तरफ से खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव, ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरोत्तम मिश्रा जैसे नेताओं ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है. वहीं कांग्रेस की तरफ से जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह जोर लगाए हुए हैं. अब इससे पहले ही चुनाव आयोग की तरफ से बड़ी कार्रवाई की गई है, जब 14 पुलिस अधिकारियों को दतिया जिले से हटाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं.

बताया जा रहा है कि चुनाव को पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है. सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत नई जगह पर जाकर जिम्मेदारी संभालने और उसकी जानकारी मुख्यालय में देने की बात कही गई है.

*अजाक थाना (दतिया): यहां पदस्थ निरीक्षक केहरी परिहार को हटाकर पुलिस मुख्यालय से निरीक्षक मेलीराम उइके की पदस्थापना की गई है.

*थाना सिविल लाइन: उप निरीक्षक अमित ओसारे के स्थान पर अशोकनगर से उप निरीक्षक भोजराम भगत को भेजा गया है.

*थाना बड़ौनी: उप निरीक्षक नीरज कुमार की जगह भिंड से उप निरीक्षक कौशलेन्द्र सिंह गुर्जर को जिम्मेदारी दी गई है. वहीं इसी थाने में पदस्थ उप निरीक्षक हरिओम शर्मा के स्थान पर ग्वालियर से उप निरीक्षक हरिकेश बघेल को तैनात किया गया है.

*थाना जिगना: उप निरीक्षक रचना माहौर के स्थान पर ग्वालियर से उप निरीक्षक राजीव बिरथरे की पदस्थापना हुई है.

*थाना गोराघाट: उप निरीक्षक अर्चना पाल के स्थान पर ग्वालियर से उप निरीक्षक बलराम मांझी को भेजा गया है.

*थाना धीरपुरा: उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह जाट के स्थान पर अशोकनगर से उप निरीक्षक भुवनेश शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

निष्पक्ष चुनाव कराने की दिशा में अहम कदम
चुनाव आयोग के इस कदम के बाद दतिया जिले के पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. चुनाव आयोग दतिया उपचुनाव को पूरी तरह से निष्पक्ष बनाना चाहता है, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने वोट का इस्तेमाल कर सकें. इस बड़े बदलाव को चुनाव आयोग की सख्ती, निष्पक्ष चुनाव कराने की रणनीति का अहम हिस्सा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के प्रभाव या पक्षपात की आशंका को खत्म करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.