यूपी में स्कूल नदी में समाया, 100 बीघा फसल बर्बाद: बारिश से नदियां उफान पर

वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ। पहाड़ों पर भारी बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना समेत 10 नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इनमें घाघरा-शारदा समेत 4 नदियां खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं।

बलिया में एक सरकारी स्कूल और मकान सरयू नदी में समा गया। गोंडा में 100 बीघा से ज्यादा फसल घाघरा के पानी में डूब गई। लोग नदी किनारे बने अपने कच्चे मकानों को तोड़कर बांस-बल्लियां, ईंट समेट रहे हैं।

सरयू और घाघरा में उफान की वजह से सीतापुर, पीलीभीत, लखीमपुर और बहराइच के गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पानी के साथ बहकर आ रहे मगरमच्छ लोगों के घरों में घुस रहे हैं।

आज यानी रविवार को नोएडा और बिजनौर बारिश हुई। लखनऊ में शाम को तेज बारिश हुई। बाराबंकी, आगरा समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। मौसम विभाग (IMD) ने 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी-प्रयागराज समेत 8 जिलों में बिजली गिरने की आशंका है।

इससे पहले, शनिवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ समेत 36 शहरों में बारिश हुई। फर्रुखाबाद में सबसे ज्यादा 13.8 मिमी. बारिश हुई। कानपुर में गलियां तालाब बन गईं। मेरठ में मेडिकल कॉजेल में पानी भर गया। OPD के गेट पर घुटनों तक पानी में मरीज चलते दिखाई दिए।