MP Weather Update: मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच अब बारिश और ओले गिरने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में “मावठा” बारिश होने की संभावना है. सोमवार को 25 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें ग्वालियर, रीवा, सागर और चंबल संभाग शामिल हैं. इस मौसम बदलाव का सबसे ज़्यादा असर ग्वालियर-चंबल इलाके में देखने को मिल रहा है. जानिए आपके शहर में मौसम कैसा रहेगा.
एमपी में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक राज्य में बेमौसम बारिश की संभावना है. सोमवार के लिए ग्वालियर, रीवा और सागर संभाग समेत कुल 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके बाद ठंड बढ़ने की उम्मीद है.
रविवार को भी हुई थी बारिश
रविवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओले गिरे. नीमच और मंदसौर में तेज़ हवाओं के साथ भारी ओले गिरे जिससे कई गांवों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई. वहीं ग्वालियर, उज्जैन, धार और मुरैना में रात और सुबह बारिश हुई, जिससे मौसम पूरी तरह से बदल गया.
10 डिग्री से नीचे पारा
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को खजुराहो, राजगढ़ और नौगांव जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया. भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी सुबह कोहरा छाया रहा.
आज 25 जिलों में बारिश का अलर्ट
आज सोमवार को ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश का अलर्ट है. जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, रायसेन, सीहोर समेत कई जिलों में कोहरा छाया रह सकता है.
3 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 3 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश की संभावना जताई है.
ठंड बढ़ने की संभावना
इसके अलावा 4 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 5 फरवरी को आंधी या बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. लेकिन ठंड बढ़ने की संभावना है.