श्योपुर: पत्नी के साथ हैवानियत, मारपीट और हत्या सहित अन्य घटनाएं आपने देखी होगी और सुनी भी होगी. परंतु श्योपुर में हैवानियत की शिकार महिला नहीं बल्कि पति और उसके चार बच्चे हुए हैं. आरोप है कि, ”महिला द्वारा अपने पति और बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है. पति का आरोप है कि, जब वह मारपीट का विरोध करता है तो उस पर जानलेवा हमला किया जाता है. मां अपने बच्चों के साथ भी बर्बरता करती है.
पीड़ित युवक का आरोप है कि, उसने कई बार महिला थाने से लेकर कोतवाली थाने में गुहार लगाई है. पंरतु पुलिस भी उल्टा उसी के साथ मारपीट कर देती है. पत्नी की मारपीट में उसकी आंखे तक चलीं गई हैं, उसे आंखों से भी कम दिखाई देता है.
बच्चों के साथ मारपीट, खाना भी नहीं देती
श्योपुर के वार्ड 14 कमालखेड़ली निवासी भगवान दास माहौर ने एसपी को ज्ञापन देकर आरोप लगाते हुए बताया कि, ”उसकी पत्नी विद्यावाई माहौर उसके साथ आए दिन मारपीट करती है. बच्चों के साथ भी बर्बरता करती है. न तो बच्चों को स्कूल भेजती है और न ही उनको खाना देती है.” भगवान दास ने आरोप लगाते हुए कहा कि, ”उसकी पत्नी विद्यावाई ने उसके सिर में भगोनी देकर मार दी, जिससे उसकी आंखों की रोशनी भी कम हो गई है.”
परिजन के घर पर फेंकती है ईंटें
भगवानदास ने कहा कि, ”मेरी झूठी शिकायत भी थाने में कर चुकी है. मेरे मां-बाप और भाई-बहन हमसे अलग रहते हैं, उनके घर पर पहुंचकर ईंट पत्थर फेंकती है. मेरे साथ 10 सालों से पिटाई की जा रही है, कब तक सहन करूं. थाने में शिकायत करने पहुंचता हूं तो मेरे साथ भी पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट की जाती है.” भगवान दास ने एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल से मांग की है कि उसे न्याय मिलना चाहिए और पत्नी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए.
थाने में झूठी शिकायत, पुलिस पर मारपीट के आरोप
महिला का पति भगवान दास माहौर का आरोप है कि, ”मेरी पत्नी विद्यादेवी महिला थाने में और कोतवाली थाने में मेरी झूठी शिकायत दर्ज करवाकर मुझे परेशान करवाती है. पुलिस के आगे नौटंकी करती हैं जिससे पुलिस को लगे कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है. पुलिस ने कई बार मेरे साथ मारपीट की है. मेरी सुनवाई नहीं की जाती क्योंकि महिला की सुनवाई पुलिस करती है. मोहल्ले में लोग भी इस बात के गवाह हैं कि आखिर में झूठ बोलता हूं या पत्नी. क्योंकि मोहल्ले के लोगों के सामने मेरी जमकर मारपीट करती है.”