इंदौर: मध्य प्रदेश के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी है. जिस पर राजा रघुवंशी के परिजनों खुशी जताई है. राजा के भाई सचिन रघुवंशी ने कहा कि हमें न्याय की उम्मीद जागी है. इसके साथ ही राजा के परिजनों ने इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की है.
राजा के भाई सचिन रघुवंशी ने ईटीवी भारत से बात करते हुए सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जताई है. सचिन रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि हमें न्याय की उम्मीद जागी है. सुप्रीम कोर्ट ने निश्चित तौर पर हमारे साथ न्याय किया है. अब हमें मेघालय पुलिस और मेघालय सरकार से उम्मीद है कि इस पूरे मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाएगी. जिससे सोनम रघुवंशी सहित अन्य आरोपियों को जल्द से जल्द से सजा मिल सके.
सचिन ने कहा सोनम को सरेंडर करने के लिए तीन हफ्ते का समय भी नहीं मिलना चाहिए, उसको तुरंत जेल में डालो. उन्होंने कहा सोनम को ऐसी सजा मिलना चाहिए कि दुनिया याद रखे.” वहीं परिजनों की मांग यह भी है कि इस पूरे मामले में जो गलतियां शिलांग पुलिस ने कार्रवाई के दौरान की थी, उन गलतियों को दोहराया ना जाए और आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जाए, क्योंकि यदि सोनम व अन्य आरोपियों को सख्त सजा मिलेगी, तो देश में जो अन्य जगहों पर इस तरह की घटनाक्रम घटित हुए हैं, उन आरोपियों को भी सख्त सजा मिलेगी.
आपको बता दें पति राजा की हत्या मामले में पत्नी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने मेघालय सरकार की याचिका पर गुरुवार को सुनवाई की. जहां सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द कर दी है. साथ ही 3 हफ्ते में सरेंडर करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने कहा कि मामले का ट्रायल 6 महीने में पूरा हो. अगर 6 महीने में ट्रायल पूरा नहीं होता है, तो सोनम फिर से जमानत के लिए याचिका दाखिल कर सकती है. मेघायल की निचली अदालत द्वारा दी गई जमानत को हाईकोर्ट ने यथावत रखा था.