दतिया: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कल यानी रविवार को गैंगस्टर-टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इस मॉड्यूल का सरगना गैंगस्टर शहजाद भट्ट तीन लोगों के साथ देश को दहलाने का प्लान बना रहा था। तीनों आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं, हालांकि शहजाद शिकंजे में नहीं आया है। इन तीन में से एक मध्य प्रदेश के दतिया का है। उसके पास से स्पेशल सेल को पिस्तौल और संदिग्ध सामग्री मिली है। बेटे की इस हरकत से अंजान मां के भी सच जान होश उड़ गए हैं। दिल्ली में मजदूरी कर रहे बेटे की यूं गिरफ्तारी से मां भी स्तब्ध है।
मध्यप्रदेश के दतिया में इंदरगढ़ का रहने वाले इस आरोपी का नाम विकास प्रजापति है। आरोपी के कमरे से पिस्तौल और संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद उसे टेरर मॉड्यूल से जुड़ा बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में इसके पाक-प्रायोजित नेटवर्क से कनेक्शन की आशंका सामने आई है। स्पेशल सेल की टीम उसे हिरासत में लेकर दिल्ली ले गई थी। विकास दिल्ली में मजदूरी करता था। गिरफ्तारी के समय उसकी मां और भाई जामनगर में काम कर रहे थे।
जांच टीम विकास को दोबारा इंदरगढ़ लाई और उसके कमरे की तलाशी ली गई। इस दौरान एक पिस्तौल, कारतूस और करीब 10 ग्राम संदिग्ध सामग्री बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद उसे फिर दिल्ली ले जाया गया। स्थानीय पुलिस को फिलहाल केवल आर्म्स एक्ट से जुड़ी जानकारी दी गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुमार कुशवाहा ने बताया कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के इशारे पर काम कर रहा था। इस नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पंजाब का हरगुनप्रीत सिंह, यूपी का आरिफ और मध्यप्रदेश का विकास प्रजापति। इन्हीं आरोपियों ने 25 नवंबर को गुरदासपुर में थाने के सामने हैंड ग्रेनेड फेंका था।
एजेंसियों का मानना है कि इस नेटवर्क के और भी कनेक्शन सामने आ सकते हैं। जांच अभी जारी है। वहीं विकास की मां ने बताया कि वह दीपावली पर घर आया था, लेकिन उसके आने जाने के बारे में परिवार को ज्यादा जानकारी नहीं होती थी। मां के अनुसार वह गुजरात से लौटते ही बेटे की गिरफ्तारी की खबर से स्तब्ध रह गईं।