मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह वार्ड नंबर सात बिहार कॉलोनी में पत्नी और उसके प्रेमी के रिश्तों से आहत होकर एक युवक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। जब इस बात की जानकारी पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची और युवक के शव को पोस्ट मार्टम भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक संतोष शर्मा ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।सुबह अचानक बीमार हुआ। उसे उसकी पत्नी राखी शर्मा और कथित प्रेमी मुकेश कुशवाह जिला अस्पताल मुरैना लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई रविन्द्र शर्मा, जो सेना में कार्यरत हैं ने बताया कि आरोपी मुकेश ने पहले उनके भाई से दोस्ती की, घर आना-जाना शुरू किया और फिर उसकी आड़ में भाभी से नजदीकियां बढ़ा लीं। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी और आरोपी मुकेश के मोबाइल खंगाले तो उनके बीच की आपत्तिजनक चैट और ऑडियो मिले। इतना ही नहीं, आरोपी मुकेश ने मृतक की पत्नी का टैटू अपने हाथ पर गुदवाया था। यह खुलासा होने पर मृतक को पत्नी के चरित्र पर गहरा संदेह हुआ और उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने दोनों को कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें प्रथम दृष्टया मौत का कारण जहर से होना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि जहर खाने से मौत हुई है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।