भिंड: मध्यप्रदेश में दो अलग-अलग जगहों पर हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. पहला हादसा रीवा जिले के सोहगी थाना क्षेत्र के कोनिया गांव के पास हुआ, जहां बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में दो पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दूसरा हादसा भिंड जिले में सामने आई, यहां नानपुरा गांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली नहर में गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक, सोहागी थाना क्षेत्र के कोनिया गांव के पास देर शाम बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं. मौके पर पहुंची सोहागी थाना पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए त्योंथर के सिविल अस्पताल भेजा दिया.
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कमलेश कोल (20 वर्ष), निवासी भुनगांव, करण कोल (25 वर्ष), निवासी लखवार और सुनीता कोल (40 वर्ष), निवासी लखवार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों आपस में रिश्तेदार थे और कमलेश के गांव भुनगांव से लखवार की ओर जा रहे थे.
भिंड में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
दूसरा हादसा भिंड जिले के लहार थाना अंतर्गत आने वाले नानपुरा गांव के पास हुआ. यहां मंगलवार देर रात ट्रैक्टर ट्रॉली नहर में डूब जाने से उसमें सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया.
पुलिया से नीचे गिरी ट्रैक्टर
जानकारी के अनुसार रावतपुरा सानी गांव के रहने वाले मृतकों में झींगुरी सिंह राजपूत बलवीर सिंह राजपूत और शिब्बू उर्फ शिवेंद्र सिंह राजपूत तीनों धान की फसल बेचने के लिए उत्तर की सीकरी गांव स्थित मंडी गए थे. देर शाम वापस लौट रहे थे, रात 10 बजे नानपुरा गांव के पास नहर की टूटी पुलिया से गुजरते वक्त अंधेरे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे नहर में पलट गया.
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
खेतों में पानी दे रहे कुछ किसानों की नजर नहर में उल्टे पड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी. पास जाकर देखा तो तीनों किसान ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए थे. ग्रामीणों ने लहार पुलिस को सूचना दी. खबर मिलते ही टीआई शिव सिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नहर के पानी में फंसे ट्रैक्टर को हटाया और इसके नीचे दबे तीनों किसानों के शव बाहर निकाला. स्थानीय लोगों की माने तो नहर की पुलिया लंबे समय से टूटी हुई है, इसकी मरम्मत नहीं कराई गई.