बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक खौफनाक सड़क हादसा हुआ है। बैहर-मलाजखंड मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। पलटते ही कार में भीषण आग लग गई। इस भयानक दुर्घटना में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक 3 साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस के अनुसारए आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
बेकाबू होकर आग का गोला बनी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार चालक प्रीतम केलकर की पवनी में वेल्डिंग की दुकान है। वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पोंडी आया हुआ था। वह शनिवार देर रात अपने माता पिता को लेकर पवनी लौट रहा था। कार में 8 साल की बच्ची पूर्वी राहांगडाले भी उनके साथ थी। शनिवार देर रात तकरीबन ग्यारह बजे के आसपास केवलारी चौराहे के समीप उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद कार आग का गोला बन गई।
लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला
आग इतनी विकराल थी कि उसमें सवार लोगों को कार से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल पाया। राह चलते लोगों ने किसी तरह कांच तोड़कर पहले पूर्वी राहांगडाले को निकाला, उसके बाद वाहन चला रहे सीतम केलकर (उम्र 30 साल और उसकी मां नानाबाई केलकर (60 वर्ष) को गंभीर अवस्था में निकाला। हादसे की सूचना राह चलते लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पंहुची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
तीन लोग जिंदा जल गए
बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली कि केवलारी चौराहे के समीप एक वाहन में आग लग गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राहगीरों ने किसी तरह तीन लोगों को बाहर निकाला। आग के विकराल हो जाने के कारण कार चालक प्रीतम केलकर के पिता नगारची केलकर (65), पत्नि सविता केलकर (28), पुत्र अभि केलकर (3 साल) कार के अंदर ही जिंदा जल गए।
हादसे की जांच की जा रही है। दुर्घटना संभवतः नींद आने के कारण हुई प्रतीत होती है क्योंकि एक मोड़ के बाद कार सीधे सड़क से नीचे उतर गई और हादसे का शिकार हो गई। कार चला रहा युवक प्रीतम केलकर और उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे का एक वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि कार में जिंदा जल गए लोगों की डेड बॉडी के अवशेष टुकड़ों में निकाले जा रहे हैं। हादसे के फुटेज विचलित कर देने वाले हैं।