MP Winter Vacation List 2025: मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की सर्दी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालात ऐसे हैं कि सुबह और रात के समय लोग घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं. प्रदेश के कई शहरों में ठंड ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. सबसे ज्यादा असर प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में देखने को मिला, जहां शुक्रवार सुबह पत्तों पर गिरने वाली ओस की बूंदें भी जम गई हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, यहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बता दें कि मध्य प्रदेश में पड़ रही इस भयंकर सर्दी का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों पर देखने को मिल रहा है. ठंड के कारण सुबह-सुबह बच्चों को स्कूल भेजना अभिभावकों के लिए चुनौती बन गया है. खासकर छोटे बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है. ठिठुरन और शीतलहर के चलते कई इलाकों में स्कूल जाने वाले बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
प्रशासन भी अलर्ट मोड पर
हालांकि, लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में सर्दियों की छुट्टियां घोषित करने की योजना बनाई गई है. प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि ठंड के कारण बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी सेहत पर कोई बुरा असर न पड़े. इसी को लेकर स्कूलों के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं.
कब से कब तक छुट्टियां ?
इसी बीच मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों में लगातार 5 दिनों का शासकीय अवकाश घोषित किया है. जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के सभी स्कूलों में शीतकालीन छुट्टियां रहेगी. बच्चों और शिक्षकों के लिए 31 दिसंबर 2025 से लेकर 04 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा. इस दौरान सभी विद्यालय पूर्ण रूप से बंद रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिल सकेगी.