‘तुम्हारे चाचा बस स्टैंड पर खड़े हैं…’, 8वीं की छात्रा को बंधक बना दुष्कर्म, ऐसे रची घिनौनी साजिश

सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने छात्रा को उसके चाचा से मिलने के बहाने जाल में फंसाया और दो दिनों तक कमरे में मारपीट कर बंधक बनाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, 2 दिन बाद आरोपी छात्रा को गांव के बाहर छोड़कर भाग गया, पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने माता पिता को दी जिसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे ओर आरोपी की शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि युवक ने छात्रा को बहला-फुसलाकर दो दिनों तक बंधक बनाए रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भिलाई लाडकुई निवासी 15 वर्षीय पीड़िता जिला मुख्यालय के एक शासकीय कन्या छात्रावास में रहकर कक्षा 8वीं की पढ़ाई कर रही है। घटना 28 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है।

एक कॉलोनी स्थित कमरे में ले गया
पीड़िता के ही समाज का युवक सुनील उसके पास आया और झूठ बोलते हुए कहा कि उसके चाचा दिलीप बस स्टैंड पर खड़े हैं ओर उसे बुला रहे है, छात्रा युवक की बातों में आकर उसके साथ चली गई। आरोपी उसे बस स्टैंड ले जाने के बजाय सीहोर की एक कॉलोनी स्थित कमरे में ले गया। जब छात्रा ने विरोध किया और वहां ले जाने का कारण पूछा, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया। छात्रा के अनुसार, आरोपी सुनील ने उसे दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा और इस दौरान कई बार दुष्कर्म किया।

पिता को फोन कर आपबीती सुनाई
पीड़िता ने बताया कि 2 मार्च को सुबह करीब 11 बजे आरोपी ने लाडकुई ले जाकर छोड़ दिया। वहां से छात्रा ने एक राहगीर के मोबाइल से अपने पिता को फोन कर आपबीती सुनाई। पिता तत्काल मौके पर पहुंचे और बेटी को घर ले गए। घर पहुंचकर पीड़िता ने माता-पिता और चाचा को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर कोतवाली थाने पहुंचे। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज
थाना कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि एक युवक चाचा के नाम पर छात्रा को बहला फूसलाकर ले गया था, पीड़िता ने बताया कि युवक ने उसे दो दिन बंधक बनाकर किया दुष्कर्म किया है, बालिका की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी।