ग्वालियर. शहर में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक परिवार के भीतर चल रहा विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा. आरोप है कि नशे में घर पहुंचे पति ने अपनी पत्नी पर एसिड फेंक दिया. उस समय महिला अपनी चार महीने की बच्ची को गोद में लिए हुए थी. एसिड की छींटें महिला के शरीर के साथ-साथ बच्ची पर भी पड़ीं. घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. घायल महिला और उसकी बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया.
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से दहेज को लेकर विवाद चल रहा था. पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति और ससुराल पक्ष की ओर से कार की मांग शुरू हो गई. महिला ने आर्थिक स्थिति का हवाला देकर मना किया तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. घटना के दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में पति ने एसिड फेंक दिया. इस घटना में महिला और उसकी मासूम बच्ची के अलावा आरोपी का पिता भी झुलस गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
शादी के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला योगिता अग्रवाल की शादी 6 फरवरी 2024 को ग्वालियर के लोहिया बाजार निवासी मनन अग्रवाल से हुई थी. शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी. पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद करीब दो से तीन सप्ताह तक सब कुछ सामान्य रहा. इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में कार की मांग की जाने लगी. महिला ने बताया कि उसके पिता ने शादी में अपनी क्षमता से अधिक खर्च किया था. इसके बावजूद पति लगातार कार लाने का दबाव बना रहा था. जब महिला ने आर्थिक स्थिति का हवाला देकर मना किया तो उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गई.
होली से पहले हुई वारदात
घटना 1 मार्च की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है. आरोप है कि उस समय आरोपी पति नशे की हालत में घर पहुंचा था. उसने पत्नी से कहा कि वह अपने पिता को फोन कर कार की मांग करे. जब पत्नी ने विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. बताया जाता है कि गुस्से में आरोपी घर के अंदर से एसिड की बोतल लेकर आया और पत्नी पर फेंक दिया. उस समय महिला अपनी चार माह की बेटी को गोद में लिए हुए थी.
मां-बेटी झुलसी, बचाने आए ससुर भी घायल
एसिड की छींटों से महिला के हाथ और पैर झुलस गए. बच्ची के चेहरे और हाथ पर भी एसिड की बूंदें गिरने से वह घायल हो गई. घटना के दौरान जब ससुर महेंद्र अग्रवाल बहू को बचाने आए तो उनके कपड़ों पर भी एसिड गिर गया, जिससे उनका हाथ झुलस गया. घटना के तुरंत बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद महिला और बच्ची को मायके पक्ष अपने साथ ले गया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता ने उपचार के बाद थाने पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है. कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है. सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दहेज विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आरोपी शराब के नशे में था और उसी दौरान उसने घटना को अंजाम दिया. महिला, उसकी बच्ची और आरोपी के पिता घायल हुए हैं. सभी का उपचार कराया गया है. पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है.