मुजफ्फरनगर। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने परियोजना को मंजूरी दे दी है। 419 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। यहां पर आएदिन सड़क हादसों में लोग घायल हो रहे हैं। इसी को मद्देनजर रखते हुए ओवरब्रिज बनाने का फैसला लिया गया है।
बाईपास स्थित दिल्ली-दून हाईवे पर संधावली से वहलना गांव के आसपास 2.44 किमी लंबे ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 419 करोड़ के बजट को स्वीकृति दी है। ओवरब्रिज के संरचनात्मक निर्माण पर 315.52 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
एनएच-58 के निर्माण के बाद से संधावली ओवरब्रिज आएदिन सड़क दुर्घटनाओं का सबब बनता रहा है। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बाईपास पर संधावली गांव के सामने अंडरपास बनाए जाने की मांग काफी दिनों से उठ रही थी। ओवरब्रिज पर तेज गति से आते और जाते वाहन गांव वासियों के लिए भी बड़ा खतरा बनते रहे। जबकि ओवरब्रिज के दूसरे छोर पर मेरठ और पीनना की ओर से आने वाले वाहनों को सुरक्षित गुजारने को लेकर भी मंथन होता रहा। वाहनों की संख्या और आवागमन में बढ़ते खतरे के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से प्रयास जारी रहे।
पिछले साल नौ दिसंबर को फेंथम हॉल में आयोजित जिला बार संघ के कार्यक्रम में पहुंचे एनएचएआई चेयरमैन संतोष यादव ने दिल्ली-दून हाईवे पर बढ़ती वाहनों की संख्या और खतरों को स्वीकार किया। उन्होंने सुरक्षित आवागमन के लिए दिल्ली-दून हाईवे को छह लेन करने सहित संधावली और वहलना के समीप बड़े ओवरब्रिज निर्माण की योजना बनाए जाने की बात कही थी।
ओवरब्रिज का 1.72 किमी भाग रेहगा एलीवेटेड
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रीय अधिकारी सफी अमहद ने बताया कि संधावली गांव के समीप रेल लाइन के ऊपर स्वीकृत किये गए 2.44 किमी लंबे ओवरब्रिज का 1.72 किमी लंबा भाग एलीवेटेड रहेगा। ओवरब्रिज का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कराएगा। बताया कि पूर्व में निर्मित ओवरब्रिज के मध्य में 40-40 मीटर की दूरी पर खंभे खड़े किए जाएंगे।
इन पर छह लेन (दोनों ओर तीन-तीन लेन) ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस लेन का निर्माण कराया जाएगा। एलीवेटड ओवरब्रिज का करीब 1400 मीटर लंबा भाग रेलवे लाइन से मेरठ की ओर जबकि 300 मीटर भाग देहरादून की दिशा में बनेगा।
सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर उठाया कदम : संतोष यादव
एनएचएआई चेयरमैन संतोष यादव ने बताया कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर गंभीर प्रयास किये जा रहे हैं। हाईवे पर संधावली ओवरब्रिज और उसके आसपास सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से छह लेन के नए ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसकी स्वीकृति सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से मिल गई है। परतापुर से मुजफ्फरनगर तक करीब 80 किमी के हाईवे को छह लेन किया जाएगा। मुजफ्फरनगर में हाईवे चौड़ीकरण की लंबाई 40.11 किमी रहेगी, जिसकी डीपीआर तैयार की जा रही है।