मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से दो पक्षों के बीच हुए भीषण संघर्ष का सीसीटीवी फुटेज इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में करीब दो मिनट तक दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई थी।
यह घटना बीती 28 जनवरी की बताई जा रही है, जो थाना छपार क्षेत्र के सिंभालकी गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव में एक ही परिवार के लोकेंद्र और बालिन्दर पक्ष के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। संघर्ष के दौरान गोली चलने की भी सूचना है।
घटना पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बाद में यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष लोकेंद्र की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त कर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बालिन्दर के बेटे अनुज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामले की जानकारी देते हुए सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि थाना छपार पर सिंभालकी निवासी लोकेश द्वारा तहरीरी सूचना दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि उनके बेटों के साथ पड़ोस में रहने वालों ने मारपीट की और हवाई फायरिंग भी की। इस सूचना के आधार पर थाना छपार में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। फायरिंग करने वाले आरोपी को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिवत जांच के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सदर ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का भी संज्ञान लिया गया है। थाना अध्यक्ष सहित पुलिस टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया है। सभी उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।