रात का सन्नाटा गहरा था। कांवड़ पटरी मार्ग पर स्ट्रीट लाइटों की मध्यम रोशनी के बीच सन्नाटे को चीरती हुई एक बाइक मुजफ्फरगर की ओर तेजी से बढ़ रही थी। बाइक पर सवार थे दो भाई-शुऐब और शाहवेज। उनके चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि पिता को खोने का वो दर्द था जो उन्हें जयपुर से मुजफ्फनगर तक सैकड़ों किलोमीटर तक सफर तय करने की हिम्मत दे रहा था।
अचानक से पीछे से एक भारी इंजन की गरज सुनाई दी। एक तेज रफ्तार ट्रक काल बनक उनकी बाइक के बिल्कुल करीब आ गया। इससे पहले शुऐब और शाहवेज कुछ समझ पाते एक जोरदार ‘धमाका’ हुआ। ट्रक ने बाइक में ऐसी टक्कर मारी की परखच्चे उड़ गए।
टक्कर के बाद धमाके जैसी आवाज
एक राहगीर के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि जगा जैसे कोई बम फटा हो। शोर सुनकर मौके पर लोग इकट्ठा हो गए। घटना स्थल पर जाकर देखा तो सड़क पर खून फैला था। बाइक सवार एक युवक कराह रहा था, जबकि दूसरा शांत पड़ा था। कुछ ही मिनटों में पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने शोएब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शाहवेज का प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
अब आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला
मुजफ्फरनगर के सरवट गांव का शोएब अपने बड़े भाई शाहवेज के साथ जयपुर में सोफा बनाने का काम करता था। मंगलवार रात 10 बजे दोनों भाइयों को पिता मोहम्मद हनीफ की मौत की सूचना मिली। पिता के निधन की खबर सुनते ही दोनों भाई बदहवास हो गए। जनाजे में शामिल होने के लिए दोनों देर रात करीब 12 बजे बाइक से मुजफ्फरनगर के लिए निकल गए। बाइक शोएब चला रहा था। बुधवार सुबह सरधना थाना क्षेत्र में कांवड़ मार्ग पर छोटी मंढियाई गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।