शामली में ईख के खेत में भीषण एनकाउंटर, 50 हजार का कुख्यात इनामी ढेर

शामली। बाबरी थानाक्षेत्र में गुरुवार रात बाइक सवार से लूट कर भाग रहे 50 हजार के इनामी बदमाश की आधी रात के बाद शामली में झिंझाना रोड पर पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर का कुख्यात बदमाश मारा गया, जबकि गोली लगने से एक सिपाही भी घायल हो गया।

अंधेरा का फायदा उठाकर बदमाश का एक साथी फरार हो गया। मारे गए बदमाश पर 90 मुकदमे दर्ज थे। उसके पास से मेड इन इटली और एक देसी पिस्टल बरामद हुई है। शुक्रवार शाम कुख्यात के भाई और अन्य स्वजन पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने शव सिपुर्द कर दिया गया।

गुरुवार रात करीब नौ बजे बाबरी क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने फतेहपुर निवासी राहुल पुत्र सुंदर से पांच सौ रुपये, चांदी की दो अंगूठी और मोबाइल फोन लूट लिया था। जैसे ही पुलिस को सूचना लगी, वैसे ही जिले में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई थी। हर तरफ नाकाबंदी थी।

गुरुवार रात करीब 12:30 बजे कोतवाली पुलिस और आदर्श मंडी पुलिस पूर्वी यमुना नहर पर बदमाशों को तलाश कर रही थी। तभी झिंझाना रोड से पीर की ओर कसेरवां गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने ईख के खेत में घुसकर पुलिस पर फायरिंग कर दी।

इस दौरान गोली लगने से सिपाही सुमित बैसला घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को भी गोली लगी और उसका साथी फरार हो गया। सिपाही और बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बदमाश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी कोतवाली सचिन शर्मा और थाना अध्यक्ष आदर्श मंडी ज्ञानेंद्र सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी गोली लगी, जबकि एक गोली आदर्श मंडी थाना पुलिस की गाड़ी में भी लगी। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि बदमाश दिल्ली के ओखला नगर निवासी रिहान था।

बदमाश ने नवंबर में याहिया गुर्जर के साथ मिलकर झिंझाना क्षेत्र में ऊन रोड पर मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोपित के खिलाफ 90 मुकदमे दर्ज हैं। झिंझाना में लूट के बाद उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। बदमाश के पास से दो पिस्टल बरामद हुई है, जिनमें से एक मेड इन इटली है, और दूसरी देसी है।

आरोपित के पास से लूटा गया मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद हुई है। बदमाश से बरामद की गई बाइक सलमा निवासी दिल्ली के नाम दर्ज है। उसके पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। शुक्रवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद रिहान के भाई और अन्य स्वजन को शव सिपुर्द कर दिया गया।

दिल्ली और गाजियाबाद में सबसे अधिक वारदात
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि अभी तक जानकारी में सामने आया है कि कुख्यात बदमाश पर 90 मुकदमे दर्ज थे। इनमें सबसे अधिक 49 दिल्ली और 28 गाजियाबाद में पता चले हैं। इसके अलावा शामली, बागपत हापुड, बुलंदशहर आदि में भी उसके खिलाफ लूट, चोरी व जानलेवा हमले के मुकदमे दर्ज हैं। कुख्यात के और आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।