मुजफ्फरनगर में नाबालिग छात्रा घर से लापता, मुकदमा दर्ज:परिजन ने बरामदगी की गुहार लगाई

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में पमनावली पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव से एक नाबालिग छात्रा लापता हो गई है। छात्रा दो दिन पहले घर से गायब हुई थी, जिसके बाद खतौली पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय छात्रा बुधवार दोपहर स्कूल से घर लौटी थी। उसने अपनी स्कूल ड्रेस बदली और स्कूल बैग घर पर ही छोड़ दिया। इसके बाद वह अचानक गायब हो गई।

लापता छात्रा खतौली तिगाई के कस्तूरबा कॉलेज में पढ़ती है। उसके चाचा विपिन कुमार पुत्र पूरन, निवासी गांव बिहारीपुर, उसे स्कूल से घर लेकर आए थे। परिवार के सदस्य गांव में बारात देखने गए थे, उसी दौरान छात्रा लापता हुई।

परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों में छात्रा की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को विपिन कुमार की तहरीर पर खतौली पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने परिजनों को छात्रा की जल्द बरामदगी का आश्वासन दिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।