वेटर प्रेमी के लिए अंजू ने पति को मरवा डाला, राजस्थान के ‘राजा रघुवंशी’ की पूरी कहानी

श्रीगंगानगर। मेघालय में हनीमून के दौरान मध्य प्रदेश के राजा रघुवंशी की जिस तरह उसकी पत्नी ने प्रेमी जरिए हत्या करा दी थी, उसको जानकर पूरा देश सन्न रह गया था। अब ठीक ऐसी ही एक वारदात को राजस्थान में अंजाम दिया गया है। श्रीगंगानगर जिले में शादी के 3 महीने बाद 27 साल के आशीष की हत्या उसकी पत्नी ने प्रेमी के हाथों करा दिया है। हत्या को उसने पूरी चालाकी से हादसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन सोनम रघुवंशी की तरह उसका भी सच सामने आ ही गया। यह भी पता चला है कि अजलि उर्फ अंजू नाम की इस महिला ने एमएसी पास और बीएड कर रहे अपने पति की हत्या, जिस प्रेमी को पाने के लिए कराई वह वेटर का काम करता है।

श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर की रहने वाली अंजलि की शादी तीन महीने पहले 1-केएलएम गांव के आशीष के साथ हुई थी। दोनों की यह जोड़ी परिवारवालों ने काफी सोच-समझकर और दोनों को एक दूसरे के लिए लायक समझकर बनाई थी। आशीष जियोलॉजी में एमएससी कर चुका था और बीएड कर रहा था। अंजलि भी अभी एमकॉम की पढ़ाई कर रही थी। आशीष को उसके चाचा और चाची ने गोद लिया था, जिनका अपना कोई बेटा नहीं थी। आशीष को बड़े लाड़-प्यार से पालने वाली मां ने अपनी भतीजी से 30 जनवरी को शादी कराई। ये भी पढ़ें:राजस्थान में प्रेमी संग पति को मारने वाली अंजलि पुलिस को देती रही चकमा

हत्या करके हादसा और लूट बताने की कोशिश दरअसल, घटना के दिन अंजलि और आशीष, आशीष के चचेरे भाई अंकित और उसकी पत्नी के साथ शाम को टहलने निकले थे। अंकित ने कहा, ‘हम गांव की तरफ यूं ही टहलने गए थे। हम आमतौर पर सुनसान रास्ते की तरफ नहीं जाते थे। आशीष ने मुझे और मेरी पत्नी को घर पर छोड़ दिया। इसके बाद अंजलि के कहने पर वे उधर की तरफ चले गए।’ बाद में परिवार को बताया कि आशीष और अंजलि बेहोशी की हालत में पाए गए। माना गया कि यह हिंट एंड रन का मामला है। आशीष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं खुद को अचेत दिखाने वाली अंजलि ने दावा किया कि उसके सोने के गहने भी छीन लिए गए।

आशीष के शरीर पर मौजूद चोट के निशान अंजलि के दावों से अलग कहानी कह रहे थे। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि यह हादसा नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या थी, जिसकी प्लानिंग खुद अंजलि ने की थी। अंजलि ने पति की हत्या अपने प्रेमी संजू के लिए कराई जो शादी जैसे समारोह में वेटर का काम करता है। अब तक की जांच के मुताबिक संजू और उसके दो दोस्त सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे थे। जब अंजलि और आशीष वहां पहुंचे तो उन्होंने अचानक हमला कर दिया। आशीष को रॉड से पीटा और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। फिर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई। संजू के वहां से भागने से पहले अंजलि ने उनसे अपने गहने भी दे दिए।

अंजलि के लिए मांगी मौत की सजा आशीष के गांव में लोग इस घटना से बेहद दुखी और सन्न हैं। वे याद करते हैं कि कैसे दोनों की शादी धूमधाम से कराई गई थी और अंजलि आशीष के परिवार में काफी घुलमिल गई थी। परिवार के लोगों का कहना है कि अंजलि का व्यवहार सामान्य दिखता था। किसी को ऐसी उम्मीद नहीं थी। आशीष के परिजन और आसपास के लोग अंजलि के लिए मौत की सजा की मांग कर रहे हैं।

इस वजह से भी चकित हैं लोग आशीष और अंजलि के परिवारों को जानने वाले लोग इसलिए भी चकित हैं कि कैसे वह एक इतने योग्य पति की हत्या ऐसे शख्स के लिए करा सकती है जिसके लिए अपना गुजारा करना भी मुश्किल है। आशीष का परिवार समृद्ध है, वह खुद अच्छा पढ़ा-लिखा योग्य युवक था, जबकि अंजलि ने जिस संजू के लिए हत्या कराई वह एक वेटर के रूप में काम करता है और मुश्किल से गुजारा कर पाता होगा।