मुजफ्फरनगर में सपा जिलाध्यक्ष और करणी सेना के बीच हाथापाई-मचा हंगामा

A scuffle broke out between the Samajwadi Party district president and members of the Karni Sena in Muzaffarnagar, leading to chaos.
A scuffle broke out between the Samajwadi Party district president and members of the Karni Sena in Muzaffarnagar, leading to chaos.

मुजफ्फरनगर। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में समाजवादी पार्टी के कैंडल मार्च के दौरान हंगामा हो गया। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के खिलाफ दिए गए सपा जिलाध्यक्ष के बयान को लेकर करणी सेना के प्रदेश सचिव गौरव चौहान व उसके साथी मौके पर पहुंचे और हाथापाई हो गई। पुलिस ने मामले को संभाला और गौरव चौहान को हिरासत में लिया।

उधर, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता ने सिविल लाइंस थाने पर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया और सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दोनों पक्षों की ओर से थाने पर तहरीर दी गई। बता दें कि गौरव चौहान ने पूर्व में आगरा में ताजमहल में पहुंचकर गंगाजल छिड़कने का भी अपना वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया था। उसको लेकर वह सुर्खियों में रहा था।

पूर्व विधायक संगीत सोम के खिलाफ बयान देने से जुड़ा मामला, दोनों पक्ष ने दी तहरीर

दरअसल, मेरठ के सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने बांग्लादेशी क्रिकेटर को खरीदने पर अभिनेता शाहरुख खान के खिलाफ बयान दिया था। इसको लेकर गुरुवार को सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने भी संगीत सोम के खिलाफ बयान देकर कहा था कि यह सिर्फ मुस्लिमों को अपमानित करने वाली बयानबाजी करते हैं।अन्य भी कई आरोप लगाए थे।

कैंडल मार्च लेकर पहुंचे तभी हुआ सामना
उधर, शुक्रवार की शाम लगभग साढ़े पांच बजे जब महावीर चौक के निकट सपा कार्यालय से जिलाध्यक्ष जिया चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला और महावीर चौक पर पहुंचे, तभी करणी सेना के प्रदेश सचिव गौरव चौहान निवासी ग्राम शाहबुद्दीनपुर नगर कोतवाली अपने साथियों के साथ पहुंच गया। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी से हाथापाई कर दी। इससे हंगामा हो गया। चौराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने गौरव चौहान को पकड़ लिया और सिविल लाइंस थाने ले गए। जिया चौधरी ने फोन पर एसएसपी से बात कर घटना से अवगत कराया। जिया चौधरी ने गौरव चौहान व तीन अज्ञात के खिलाफ थाने पर तहरीर दी, उसमें हमला करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।

पुलिस ने करणी सेना के प्रदेश सचिव गौरव चौहान को गिरफ्तार किया

हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं सिविल लाइंस थाने पर पहुंचकर नारेबाजी के साथ धरना दिया और जिया चौधरी हाय-हाय के नारे लगाए। उन्होंने गौरव चौहान को छोड़ने की मांग की। थाने पर गौरव चौहान ने भी तहरीर दी। उसमें आरोप लगाया कि वह मेरठ से आ रहा था। महावीर चौक पर बस से उतरकर जाने लगा तो पहले से मौजूद सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी व सपा कार्यकर्ताओं ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी और 2013 की तरह दंगा कराने की बात कही। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिया चौधरी को गिरफ्तार करने की मांग की।

इस दौरान शिवसेना के युवा जिलाध्यक्ष शैंकी शर्मा, अभिषेक शर्मा, बिट्टू सिखेड़ा समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे। हंगामे के दौरान सिविल लाइंस थाने पर अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई। सिविल लाइंस थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह का कहना है कि गौरव चौहान को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्ष ने तहरीर दी है, जांच की जा रही है, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

दिन में सपा जिलाध्यक्ष पर की थी टिप्पणी
करणी सेना के प्रदेश सचिव गौरव चौहान ने दिन में वीडियो बयान जारी कर सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी के बारे में टिप्पणी भी की। उसमें कहा कि जिया चौधरी ने संगीत सोम की बेटी को लेकर बयान दिया, इसका इलाज किया जाएगा। जिया चौधरी नाक रगड़कर माफी मांगे, नहीं तो जहां भी फंसेगा वहीं पर कुटाई होगी। अगर कार्यालय पर छिपेगा तो कार्यालय सहित आग लगा दी जाएगी। बहन-बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। वहीं शिवसेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने भी जिया चौधरी के खिलाफ बयान जारी किया था।